ताजा खबरें: आज दिन भर की प्रमुख ख़बरें,यहां देखें
1 min readजिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण
देहरादून। जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों एवं पटलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा कार्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रिकॉर्ड रूम एवं आपदा परिचालन केंद्र का भी निरीक्षण कर मानसून और आपदा प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
सीडीओ ने विकास खंड रुड़की का निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश
हरिद्वार। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने विकास खंड कार्यालय रुड़की का निरीक्षण कर विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सहायक विकास अधिकारी पंचायत बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, महिला स्वयं सहायता समूहों को लाभ पहुंचाने तथा अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने पर विशेष जोर दिया।
गोबर गैस प्लांट स्थापना के साथ गौशाला विस्तार की तैयारी
हरिद्वार। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने नगर निगम रुड़की क्षेत्र में प्रस्तावित निराश्रित गोवंश गौशाला विस्तार स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि गौशाला विस्तार से करीब 200 अतिरिक्त गोवंश को आश्रय मिल सकेगा। साथ ही गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से गोबर गैस आधारित पावर जेनरेशन प्लांट स्थापित करने के निर्देश दिए गए, जिससे बिजली उत्पादन कर गौशाला की ऊर्जा जरूरतें पूरी की जा सकेंगी।
SIDCUL उद्योगों में स्मार्ट मीटर विवाद गहराया, उद्यमियों ने जताई नाराजगी
हरिद्वार। SIDCUL क्षेत्र के उद्यमियों ने स्मार्ट मीटरों में आ रही तकनीकी खराबियों, गलत रीडिंग, अत्यधिक बिजली बिल और बिना सूचना बिजली कटौती को लेकर मुख्य अभियंता कार्यालय रोशनाबाद में शिकायत दर्ज कराई। लघु उद्योग भारती के नेतृत्व में पहुंचे उद्यमियों ने कहा कि स्मार्ट मीटरों की समस्याओं से उद्योगों का उत्पादन प्रभावित हो रहा है। मुख्य अभियंता शेखर चंद्र त्रिपाठी ने 10 दिनों के भीतर समस्याग्रस्त फैक्ट्रियों की सूची मांगी और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उद्यमियों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
