Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने सम्मानित किए उत्कृष्ट कार्यकर्ता

1 min read
Listen to this article


अल्मोड़ा। उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में आयोजित राज्यस्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की दिशा में उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्य करने वाले 32 संस्थानों, संगठनों, व्यक्तियों और समूहों को सम्मानित किया गया। साथ ही जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह जनपदों को भी पुरस्कृत किया गया, जिसमें नैनीताल जनपद भी शामिल रहा। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को सम्मानित कर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद राज्य के लोगों और संस्थाओं ने असाधारण उपलब्धियां हासिल कर यह सिद्ध किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण और विकास के संतुलन के साथ राज्य सरकार प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में कभी 10वें स्थान पर रहने वाला उत्तराखंड अब देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि सुशासन, गरीब कल्याण, सीमांत क्षेत्रों के विकास, बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में सरकार लगातार प्रभावी कार्य कर रही है। राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत वृद्धि तथा प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर उत्तराखंड ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है।
उन्होंने कहा कि उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, हाईवे निर्माण, ग्रीन एनर्जी और बिजली उत्पादन के क्षेत्र में हुए सकारात्मक बदलावों के चलते राज्य में रिवर्स पलायन बढ़ा है और लोग अपने पैतृक गांवों की ओर लौटकर स्वरोजगार अपना रहे हैं।
कार्यक्रम में एसडीजी जिला रैंकिंग में रुद्रप्रयाग को प्रथम स्थान, उत्तरकाशी और नैनीताल को द्वितीय स्थान तथा बागेश्वर, चमोली और टिहरी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *