Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

उत्तराखंड हलचल: मतदाता पुनरीक्षण, विधिक जागरूकता एवं बाल संरक्षण योजनाओं को लेकर प्रशासन सक्रिय

1 min read
Listen to this article


एसआईआर अभियान को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय, डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
देहरादून। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पारदर्शिता और गंभीरता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाएं और मृत, स्थानांतरित व अनुपस्थित मतदाताओं के नाम सावधानीपूर्वक हटाए जाएं। बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को बेहतर प्रशिक्षण देने तथा राजनीतिक दलों से बीएलए-2 की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन करेंगे। 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। जनपद में 13 लाख 80 हजार से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लगाया विधिक साक्षरता शिविर


नैनीताल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के तत्वावधान में पंचायत भवन जंगलियागांव, भीमताल में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लोगों को मानव तस्करी, मानवाधिकार एवं निशुल्क विधिक सहायता संबंधी जानकारी दी गई।
सचिव पारुल थपलियाल के निर्देशन में आयोजित शिविर में बताया गया कि मानव तस्करी गंभीर अपराध और मानवाधिकारों का उल्लंघन है, जिसमें बल, धोखाधड़ी या दबाव के माध्यम से लोगों का शोषण किया जाता है। इसके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानून एवं अभियान चलाए जा रहे हैं।
शिविर में लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं एवं पात्र व्यक्तियों को मिलने वाली निशुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी दी गई। इस दौरान ग्राम प्रधान राधा कुल्याल सहित कई लोग उपस्थित रहे।


बाल संरक्षण आयोग सदस्य की अध्यक्षता में बैठक आयोजित


भीमताल। बाल विकास परियोजना भीमताल में बाल संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश रजवार की अध्यक्षता में विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों की समस्याओं पर चर्चा की गई तथा केंद्रों के नियमित संचालन के निर्देश दिए गए।
योगेश रजवार ने कहा कि बच्चों की संख्या बढ़ाने, शिशुओं को शिक्षा के अधिकार से वंचित न होने देने तथा विभागीय योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र तक पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएं।
बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ. रेनू मर्तोलिया, सुपरवाइजर एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्तियां उपस्थित रहीं।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *