चलती टूरिस्ट वोल्वो बस में लगी भीषण आग
1 min read
हाईवे पर धूं-धूं कर जली टूरिस्ट वोल्वो बस, सूझबूझ से बची दो विदेशी महिलाओं सहित 32 यात्रियों की जान
हरिद्वार। देहरादून से दिल्ली जा रही एक निजी कंपनी की यात्रियों से भरी टूरिस्ट वोल्वो बस में बुधवार को हाईवे पर क्रिस्टल वर्ल्ड के पास अचानक भीषण आग लग गई। बस में दो विदेशी महिलाओं समेत कुल 32 सवारियां मौजूद थीं। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक अरुण कुमार और परिचालक रिंकू ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
राख हुआ यात्रियों का सामान
हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को बस से बाहर निकलने का मौका तो मिल गया, लेकिन उनका कीमती सामान और बैग बस के भीतर ही छूट गए। देखते ही देखते पूरी बस आग का गोला बन गई और सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्राथमिक जांच में आग का कारण तकनीकी खराबी (शॉर्ट सर्किट) माना जा रहा है।
