राज्यपाल ने महिला स्वयं सहायता समूहों की उत्पाद प्रदर्शनी का किया अवलोकन; कहा- नारी शक्ति विकास की मजबूत आधारशिला
1 min read
नैनीताल। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने बुधवार को लोक भवन नैनीताल में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा आयोजित उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में नैनीताल जनपद के विकासखंड भीमताल, कोटाबाग, धारी, रामगढ़, हल्द्वानी एवं रामनगर की महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। राज्यपाल ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित वुडन कलाकृतियों, ऐपण कला, बेकरी उत्पादों, अचार, जैम, मसालों तथा विभिन्न हस्तशिल्प उत्पादों की सराहना की। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर जाकर महिलाओं से संवाद किया और इस दौरान ‘लखपति दीदी’ बनी महिलाओं को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड की मातृशक्ति अपनी मेहनत, लगन, प्रतिभा और संकल्प के बल पर आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रही है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की गुणवत्ता, प्रस्तुतीकरण और विविधता में उल्लेखनीय सुधार दिखाई दे रहा है।
राज्यपाल ने महिला उद्यमियों से अपने उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और डिजिटल मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल उत्पाद बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी विशिष्टता, आकर्षक प्रस्तुति और प्रभावी विपणन (मार्केटिंग) भी सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं।
इस अवसर पर प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, सीडीओ नैनीताल अरविन्द पांडे, सहायक परियोजना निदेशक श्रीमती चंद्रा फर्त्याल, डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी सहित स्वयं सहायता समूहों की सदस्य एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
