घरेलू विवाद से आहत वृद्धा ने तालाब में लगाई छलांग, ग्रामीणों की सूझबूझ से बची जान
1 min read
हरिद्वार: लक्सर-हरिद्वार मार्ग स्थित मुटकाबाद गांव के समीप रविवार सुबह एक वृद्ध महिला द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का मामला सामने आया। पारिवारिक तनाव से परेशान 75 वर्षीय महिला ने पुल से नीचे तालाब में छलांग लगा दी। आश्चर्यजनक रूप से गहरे पानी में गिरने के बावजूद वह डूबी नहीं और काफी समय तक पानी की सतह पर बनी रही।
सुबह के समय तालाब के पास से गुजर रहे एक व्यक्ति ने पानी में एक महिला को देखा। पहले उसे लगा कि महिला की मृत्यु हो चुकी है, लेकिन उसके शरीर में हलचल दिखाई देने पर उसने तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और महिला को बचाने की तैयारी शुरू कर दी।
ग्रामीण बॉबी, सुंदर, हरिओम, कन्हैया और नीशू ने साहस का परिचय देते हुए तालाब में उतरकर महिला तक पहुंच बनाई। काफी प्रयास के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाहर आने पर महिला के मुंह से पानी निकला, जिसके बाद ग्रामीण उसे पास स्थित माता मंदिर ले गए और उसकी देखभाल की।
स्थानीय लोगों के अनुसार महिला निकटवर्ती गांव की निवासी है तथा पारिवारिक समस्याओं के कारण मानसिक तनाव में थी। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। ग्रामीणों का कहना है कि लगभग डेढ़ घंटे तक पानी में रहने और ऊंचाई से गिरने के बाद भी महिला का सुरक्षित बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं है।
घटना के बाद क्षेत्र में इस बात की व्यापक चर्चा रही कि समय रहते ग्रामीणों द्वारा दिखाई गई तत्परता ने एक बड़ा हादसा टाल दिया। वहीं पुलिस ने बताया कि इस संबंध में उन्हें कोई औपचारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
