अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस पर खेल भावना और फिटनेस का संदेश
1 min read
हरिद्वार। अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस के अवसर पर जिला ओलम्पिक एसोसिएशन और उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के तत्वावधान में जवाहरलाल नेहरू युवा केन्द्र में विभिन्न खेल संगठनों के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान हरिद्वार के नवनियुक्त जिला क्रीड़ा अधिकारी रविन्द्र सिंह भण्डारी का स्वागत भी किया गया। जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद चन्द्र पाण्डेय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नेहरू युवा केन्द्र के कार्यकारी अध्यक्ष ओ.पी. चौहान ने की, जबकि संचालन उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश जोशी और उत्तराखण्ड ओलम्पिक संघ के कोषाध्यक्ष एल.एन.एस. राणा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर तेलंगाना ओलम्पिक संघ के पूर्व महासचिव के. जगदीश्वर यादव भी मौजूद रहे।
महेश जोशी ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली की व्यस्त दिनचर्या में शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है और खेल इसके लिए सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि पिछले छह माह में एशियन गेम्स के दो खिलाड़ियों ने राज्य का नाम रोशन किया है।
जगदीश्वर यादव ने कहा कि ओलम्पिक दिवस केवल जीत का उत्सव नहीं बल्कि अनुशासन, सम्मान, खेल भावना और मैत्री जैसे मूल्यों को अपनाने का अवसर है। प्रमोद पाण्डेय ने इस दिवस को खेल भावना, शांति और वैश्विक एकता का महापर्व बताया। वहीं क्रीड़ा अधिकारी रविन्द्र सिंह भण्डारी ने खेल गतिविधियों के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
