कुंभ और कांवड़ यात्रा से पहले एनएच परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
1 min read
हरिद्वार। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अधिकारियों के साथ बैठक कर कुंभ क्षेत्र में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में हर हाल में पूरी की जाएं।
एचआरडीए सभागार में आयोजित बैठक में हरिद्वार बाईपास-रिंग रोड, दिल्ली-देहरादून मार्ग, हरिद्वार-नगीना हाईवे तथा प्रमुख चौराहों के सुधार कार्यों की समीक्षा की गई। मेलाधिकारी ने धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को संसाधन और वाहन बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, जिसे शीघ्र सुधारना जरूरी है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए सुरक्षा और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्यों के कारण यात्रा के दौरान अव्यवस्था उत्पन्न हुई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
