Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

हरिद्वार: आज की प्रमुख ख़बरें, यहां देखें

1 min read
Listen to this article

ऋषिकुल मैदान में बनेगा मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान

हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार द्वारा हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में भव्य मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान स्थापित किया जाएगा। यह संस्थान भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति और प्राच्य विद्याओं के संरक्षण एवं शोध का प्रमुख केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया और उपलब्ध भूमि एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद एचआरडीए सभागार में बैठक कर परियोजना की रूपरेखा, भूमि, चारदीवारी, मंच निर्माण, पार्किंग और आधारभूत सुविधाओं पर चर्चा की गई।

प्रमुख सचिव ने संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल को शासन स्तर तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किया गया है। संस्थान में योग, ज्योतिष, वास्तुशास्त्र, वैदिक अध्ययन, भारतीय दर्शन और कला सहित विभिन्न प्राच्य विद्याओं पर शोध एवं प्रशिक्षण की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

निर्जला एकादशी पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

हरिद्वार। निर्जला एकादशी के अवसर पर हरिद्वार में लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य अर्जित किया। ब्रह्ममुहूर्त से ही हरकी पैड़ी सहित सभी प्रमुख घाट श्रद्धालुओं की भीड़ से भर गए और पूरा वातावरण “हर-हर गंगे” के जयघोष से गूंज उठा।

मान्यता है कि निर्जला एकादशी का व्रत वर्षभर की सभी एकादशियों के बराबर फलदायी होता है। इसी कारण देशभर से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। वीकेंड और पर्व एक साथ होने से इस बार श्रद्धालुओं की संख्या रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई।

भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पूरे मेला क्षेत्र को 11 जोन और 40 सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई। पुलिस, पीएसी, पैरामिलिट्री फोर्स, डॉग स्क्वॉड और जल पुलिस को तैनात किया गया। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने स्वयं हरकी पैड़ी और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *