मेलाधिकारी की चेतावनी,गुरुकुल में बौद्धिक और शारीरिक सत्र का आयोजनऔर नशा मुक्त भारत अभियान की समीक्षा
1 min read
कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों में देरी बर्दाश्त नहीं: मेलाधिकारी सोनिका
हरिद्वार। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने मेला नियंत्रण भवन में कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुम्भ मेला राज्य की प्रशासनिक और व्यवस्थागत क्षमता का प्रतीक है, इसलिए सड़क, पुल, घाट निर्माण और सुदृढ़ीकरण के कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता, समयबद्धता और आपसी समन्वय के साथ युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रमुख मार्गों पर सौंदर्यीकरण और व्यापक वृक्षारोपण को भी प्राथमिकता देने को कहा गया।
जीवन में आत्मा और परमात्मा के बीच महात्मा का होना अनिवार्य: प्रो. सुधीर आर्य

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में चल रहे आर्यवीर दल एवं आर्या वीरांगना प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन विभिन्न शारीरिक और बौद्धिक सत्र आयोजित किए गए। बौद्धिक सत्र में शिक्षाविद प्रोफेसर सुधीर आर्य ने कहा कि जीवन में आत्मिक उन्नति और परम सत्ता के समीप पहुंचने के लिए ‘महात्मा’ (मार्गदर्शक) का होना अनिवार्य है। शिविर में २५० से अधिक प्रतिभागियों को यज्ञ की उपयोगिता, संयमित दिनचर्या, स्वास्थ्य लाभ और आत्मरक्षा के लिए दंड संचालन का प्रशिक्षण दिया गया।
मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान तेज, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में एनसीओआरडी (NCORD) समिति की बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में नशा मुक्त भारत अभियान की समीक्षा की गई। वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत भारी मात्रा में स्मैक, चरस और गांजा बरामद किया गया है। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री रोकने के लिए नियमित चेकिंग की जाए और युवाओं को जागरूक करने के लिए स्कूलों, कॉलेजों व ग्राम स्तर पर व्यापक अभियान चलाए जाएं।
