देहरादून में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया प्रतिभाग
1 min read
देहरादून, 04 सितंबर 2026:
देहरादून स्थित पुलिस लाइन में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस विशेष कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य रूप से प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी लीलाओं पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों को राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपनाने का संदेश
इस अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि जन्माष्टमी केवल एक उत्सव का पर्व नहीं है, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का अवसर है। उन्होंने कहा कि गीता का संदेश आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है, जो हमें सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने की प्रेरणा देता है।
प्रमुख गणमान्य लोग रहे मौजूद
समारोह में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री पद्मभूषण भगत सिंह कोश्यारी, प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी, कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ और एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल सहित कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
