हरिद्वार में गणेशोत्सव की तैयारी, मूर्ति विसर्जन की जगह स्थापित हो और तमंचे के साथ आरोपी गिरफ्तार
1 min read
पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ गणेशोत्सव की तैयारियां शुरू
हरिद्वार। सोमवार से शुरू हो रहे दस दिवसीय गणेशोत्सव को लेकर धर्मनगरी के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। श्रद्धालु भगवान गणेश की मनमोहक प्रतिमाएं खरीद रहे हैं। इस वर्ष ग्राहकों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का स्पष्ट असर दिख रहा है, जिससे अधिकांश लोग मिट्टी की बनी इको-फ्रेंडली मूर्तियों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
भूपतवाला स्थित ‘परेडा मूर्ति कला केंद्र’ में कारीगर ₹500 से लेकर ₹50,000 तक की आकर्षक और जीवंत मिट्टी की प्रतिमाएं तैयार कर रहे हैं।
उत्तर भारत में विसर्जन के बजाय स्थापना की परंपरा:
गंगा और अन्य नदियों में मूर्ति विसर्जन से जुड़े सवालों पर नारायणी शिला मंदिर के मुख्य पुजारी एवं ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज त्रिपाठी ने कहा कि पवित्र नदियों में विसर्जन अनिष्टकारी होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर भारत भगवान गणेश का जन्मस्थल है, इसलिए यहां विसर्जन के स्थान पर मूर्तियों को घर में स्थापित कर वर्ष भर पूजन किया जाना चाहिए। विसर्जन करने से श्री गणेश के साथ उनकी पत्नियों रिद्धि-सिद्धि और पुत्रों शुभ-लाभ का भी विसर्जन हो जाता है।
तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत थाना पथरी पुलिस को सफलता मिली है। एसएसबी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने फेरूपुर चौकी अंतर्गत घारीवाला टिकोला तिराहा के पास से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और 1 जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की पहचान विनीत चौहान (पुत्र बिरमपाल, निवासी ग्राम धारीवाला) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह क्षेत्र में लोगों पर रौब जमाने के लिए शौकिया तौर पर तमंचा रखता था। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर तमंचे के स्रोत की जांच शुरू कर दी है।
कार का शीशा तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर नकदी व मोबाइल उड़ाने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। वसंत विहार (कनखल) निवासी रमाकांत शुक्ला ने सराय रोड पर कार का शीशा तोड़कर डैशबोर्ड से मोबाइल और ₹2,000 चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर लालपुर अंडरपास के पास से ग्राम सराय निवासी शंकर (पुत्र बहादुर) तथा समीर (पुत्र तनवीर) को दबोच लिया। इनके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन और ₹1,720 नकद बरामद किए गए हैं।
