September 17, 2026

Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिन पर गंगा पूजन, अस्पतालों की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश; रोजगार मेले में 14 युवाओं का चयन और 96.96% परिवारों को मिला जल संयोजन

1 min read
Listen to this article

मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिन पर मदन कौशिक ने किया गंगा पूजन
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने श्री महाराजा अग्रसेन घाट पर मां गंगा का पूजन एवं दुग्धाभिषेक किया। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कौशिक ने कहा कि धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर मेयर किरण जैसल, भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप गोयल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सुनील सैनी ने मुख्यमंत्री धामी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

राज्य मंत्री सुनील सैनी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि धामी ने संगठन के सामान्य कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री तक का सफर मेहनत, निष्ठा और समर्पण के बल पर तय किया है। सैनी ने धामी के सादगीपूर्ण एवं मिलनसार व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि वह प्रदेश के विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
अस्पतालों में मरीजों और तीमारदारों की सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला चिकित्सालय, चैन राय जिला महिला चिकित्सालय और मेला अस्पताल की चिकित्सा प्रबंधन समितियों की समीक्षा की। उन्होंने मरीजों और तीमारदारों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मेला अस्पताल में रंग-रोगन, रेलिंग, जनरेटर, सीसीटीवी, अग्निशमन उपकरणों की मरम्मत तथा साफ-सफाई के लिए एस्टीमेट तैयार करने को कहा। अस्पताल के आसपास अतिक्रमण हटाने और कूड़ा फेंकने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए। बैठक में सीएमओ डॉ. आरके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
लघु रोजगार मेले में 14 युवाओं का चयन
हरिद्वार। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से जगजीतपुर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में लघु रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में सिडकुल हरिद्वार की नौ कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कुल 93 युवाओं ने साक्षात्कार दिया, जिनमें 24 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट हुए और अंतिम रूप से 14 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए चयन किया गया। जिला सेवायोजन कार्यालय ने युवाओं से विभाग द्वारा आयोजित रोजगार मेलों का लाभ उठाने की अपील की।
हरिद्वार में 96.96 प्रतिशत परिवारों को मिला घरेलू जल संयोजन

हरिद्वार। विकास भवन रोशनाबाद में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक हुई। अधिकारियों ने बताया कि जनपद के 2,49,092 परिवारों में से 2,41,513 परिवारों को घरेलू जल संयोजन उपलब्ध कराया जा चुका है। जनपद के 473 राजस्व ग्रामों में से 458 ग्रामों को ‘हर घर जल’ प्रमाणित किया जा चुका है। स्वीकृत 505 पेयजल योजनाओं में 430 का कार्य पूरा हो चुका है। मुख्य विकास अधिकारी ने शेष योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा नियमित निगरानी के निर्देश दिए। बैठक में जल जीवन मिशन के नोडल अधिकारी गम्भीर सिंह तोमर, अधिशासी अभियंता विपिन चौहान, अधीक्षण अभियंता यशवीर मल्ल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed