September 20, 2026

Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

हरिद्वार ग्रामीण: श्यामपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का हुआ शुभारंभ, शनिवार से शुरू होगी ओपीडी

1 min read
Listen to this article

हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की एक बड़ी सौगात मिली है। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे ने शुक्रवार को श्यामपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस केंद्र में शनिवार से ओपीडी सेवाएं शुरू हो जाएंगी, जिससे स्थानीय निवासियों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

भविष्य में ट्रामा सेंटर के रूप में होगा विकसित

स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ के अवसर पर स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को डॉक्टरों एवं अन्य पैरामेडिकल स्टाफ की तत्काल तैनाती और सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही केंद्र पर अन्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। भविष्य में इस केंद्र को अपग्रेड कर ट्रामा सेंटर के रूप में विकसित करने की भी योजना है, ताकि गंभीर मरीजों को समय पर आपातकालीन इलाज मिल सके।

विधायक अनुपमा रावत पर साधा निशाना

पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने बताया कि 2022 में मंत्री पद पर रहते हुए उन्होंने इस स्वास्थ्य केंद्र को स्वीकृत कराया था। केंद्र पिछले दो वर्षों से बनकर तैयार था, लेकिन क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत की अनदेखी के कारण यह शुरू नहीं हो सका था। मरीजों की दिक्कतों को देखते हुए मामला स्वास्थ्य सचिव के संज्ञान में लाया गया, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए केंद्र का संचालन शुरू कराया गया। स्वामी यतीश्वरानंद ने कांग्रेस विधायक पर चुनावी समय में जनता को बहकाने का आरोप लगाते हुए यह भी घोषणा की कि जल्द ही रवसान नदी पर झूला पुल का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।

​उद्घाटन के दौरान हरिद्वार के सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. महिमानंद जोशी, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही ग्राम प्रधान योगेश चौहान, सुनील पाल, देवेंद्र नेगी और मंडल महामंत्री सुनील पाल सहित सैकड़ों ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *