हरिद्वार में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई: 32 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
1 min readहरिद्वार। नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कनखल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान 32 किलोग्राम से अधिक (32 किलो 106 ग्राम) अवैध गांजे के साथ तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा एक-एक किलो के छोटे-छोटे टेप लिपटे पैकेटों में बांटकर कपड़ों के ट्रॉली बैग और कट्टे में छिपाकर ले जाया जा रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 23 सितंबर को कनखल पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान श्रीयंत्र पुल से बैरागी कैंप की ओर पैदल आ रहे तीन संदिग्ध युवकों को रोककर जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके बैग और कट्टे से गांजे के पैकेट बरामद हुए।
आरोपियों से हुई बरामदगी का विवरण:
- दिपेश (निवासी बैरागी कैंप, कनखल): 11 किलो 35 ग्राम
- रणजीत लाकड़ा (निवासी ठोकर नंबर 10, कनखल): 14 किलो 32 ग्राम
- आदित्य राय (निवासी मीना बाजार, लोहाघाट, चंपावत): 7 किलो 32 ग्राम
कनखल कोतवाली में तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं (एनडीपीएस एक्ट) में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि गांजे की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे हरिद्वार में किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश जारी है।
