October 20, 2026

Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

हरिद्वार में यातायात व्यवस्था में सुधार: रेलवे स्टेशन और बस अड्डा क्षेत्र के डिवाइडर कटों पर बैरिकेडिंग, ऑटो-विक्रम पर सख्ती

1 min read
Listen to this article

हरिद्वार, 19 अक्टूबर 2026

त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली भारी भीड़ और यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के तहत रेलवे स्टेशन और बस अड्डा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए संयुक्त निरीक्षण की संस्तुतियों का क्रियान्वयन तेजी से किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से निजात मिल सके।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने जानकारी दी कि यातायात को सुचारु बनाने के लिए रेलवे स्टेशन के गेट संख्या 2 और गेट संख्या 6 के बीच स्थित डिवाइडर कटों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य वाहनों द्वारा किए जाने वाले अनावश्यक यू-टर्न और गलत दिशा में वाहन चलाने पर रोक लगाना है, जिससे क्षेत्र में यातायात एक दिशा में संचालित हो सके और जाम की स्थिति न बने।

देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक तक बनेगा नो ई-रिक्शा जोन

यातायात को व्यवस्थित करने के लिए प्रशासन द्वारा देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक तक के मार्ग को ‘नो ई-रिक्शा जोन’ घोषित किए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। पुलिस विभाग द्वारा इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इसके लागू होने से मुख्य मार्ग पर ई-रिक्शा के अनियंत्रित संचालन पर रोक लगेगी। इसके अलावा, इस प्रतिबंध के प्रभावी पालन के लिए वहां 6 होमगार्ड जवानों को तैनात करने का भी प्रस्ताव है।

निगरानी के लिए लगेंगे ANPR कैमरे और तेज होगी प्रवर्तन कार्रवाई

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त नजर रखने के लिए क्षेत्र में 4 ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए जाने का प्रस्ताव है। वहीं, सड़क पर अनाधिकृत रूप से सवारियां बैठाने और उतारने वाले ऑटो और विक्रम चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार चालानी कार्रवाई कर रही हैं।

जिला प्रशासन ने सभी ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें और निर्धारित स्थानों का ही उपयोग कर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *