खास समाचार: हरकी पैड़ी पर महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज के आह्वान पर चला वृहद गंगा सेवा अभियान
1 min read
हरिद्वार, 31 अक्टूबर:
मिश्री मठ के परमाध्यक्ष और श्री अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज के आह्वान पर देश-विदेश से आए 10,000 से अधिक साधकों और श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी पर एक वृहद गंगा सेवा अभियान चलाया।
इस अभियान के तहत स्वयंसेवकों ने मां गंगा से भारी मात्रा में कूड़ा-कचरा निकालकर दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से डंपिंग यार्ड पहुंचाया। सुबह से देर शाम तक चले इस सेवा कार्य में सैकड़ों टन कचरा साफ किया गया।
इस अवसर पर मं.मं. स्वामी करौली शंकर महाराज ने कहा कि मां गंगा की स्वच्छता और निर्मलता ही सच्चा गंगा स्नान है। उन्होंने जोर दिया कि आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ जीवन देने के लिए हमें अपनी जीवनशैली में गंगा स्वच्छता को शामिल करना होगा।
कार्यक्रम में श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन के अध्यक्ष महंत धूनीदास महाराज ने भी शिरकत की और इस पहल को गंगा स्वच्छता के प्रति एक बड़ा संदेश बताया। इसके अलावा, दक्षेश्वर महादेव से शुरू हुई साधकों की दंडवत यात्रा का भी आज प्रातः समापन हुआ।
इस अभियान में महंत नितिन दास, संस्था प्रबंधक डॉ. उमेश सचान, भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी, अनिरुद्ध शर्मा, पार्षद राजेश शर्मा, व्यापारी नेता विशाल गुप्ता, पं. अश्वनी शर्मा, पं. शैलेश मोहन और दिव्यम यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



