16 से 30 नवंबर तक चलेगा ‘स्वगणना’ अभियान, 15 हजार लोगों का लक्ष्य
हल्द्वानी: मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से स्वगणना कार्यक्रम की बैठक हुई। 16 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस 15 दिवसीय अभियान के तहत जनपद में न्यूनतम 15,000 व्यक्तियों की स्वगणना का लक्ष्य रखा गया है। सीडीओ ने प्रक्रिया को सरल बताते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे पोर्टल की प्रश्नावली को पहले पढ़ें और आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें ताकि ऑनलाइन फॉर्म भरने में कोई असुविधा न हो।
वीआईपी कार्यक्रमों में अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
हल्द्वानी: सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों और अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री और मंत्रीगणों के कार्यक्रमों में संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रमों में अधिकारियों की अनुपस्थिति से जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण न होने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
नारी शक्ति सम्मान’ कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण
कालाढूंगी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संभावित आगमन और ‘नारी शक्ति सम्मान’ कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत और सीडीओ अरविंद कुमार पाण्डेय ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों को आगंतुकों के बैठने, पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और रूट डायवर्जन प्लान को दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की प्रतिवेदक ने किया नैनीताल जिला कारागार का निरीक्षण
नैनीताल: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की विशेष प्रतिवेदक शोमिता बिस्वास ने नैनीताल जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बैरकों, रसोई घर, चिकित्सालय और पुस्तकालय का जायजा लिया तथा बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को बंदियों के मानवाधिकारों के संरक्षण, पौष्टिक भोजन, समय पर चिकित्सा और कौशल विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ली समीक्षा बैठक, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
भीमताल: विवरण: कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने वन विभाग को क्षेत्र में बढ़ती वन्यजीव गतिविधियों से जन-धन की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा लोक निर्माण विभाग को लंबित सड़कों व निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया 74वें गौचर मेले का शुभारंभ
गौचर (चमोली): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारिता व साहित्य के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया और क्षेत्र में पेयजल से जुड़ी दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण किया। साथ ही, सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित करने की घोषणा की।
ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ, 102.72 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात
पिथौरागढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत-नेपाल की साझा संस्कृति के प्रतीक ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पिथौरागढ़ जनपद को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं (24 शिलान्यास और 1 लोकार्पण) की सौगात दी तथा मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।