देहरादून: 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को मिली जिम्मेदारी, ‘बेटा हिमालय का’ गीत विमोचित; प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पर 06 प्रतिष्ठान सील
1 min read
36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को मिले नियुक्ति पत्र, जनसेवा का दिया मंत्र
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए, जिनमें 13 बेटियां भी शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों को ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता से काम करने तथा भूमि, नामांतरण व सीमांकन जैसे राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि सरकार ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ के मंत्र और जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के बुजुर्गों व दिव्यांगों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने और आपदा क्षति का सही आकलन करने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
‘बेटा हिमालय का’ गीत का विमोचन, प्रदेश की विकास यात्रा को मिला स्वर

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड की विकास यात्रा और प्रगति पर आधारित गीत ‘बेटा हिमालय का’ का विमोचन किया। ‘संकल्प नए उत्तराखण्ड का’ थीम पर बने इस गीत को टीम उत्तराधुन ने तैयार किया है, जिसमें पर्यटन, महिला सशक्तीकरण, रोजगार, स्टार्टअप और प्राकृतिक सुंदरता को दर्शाया गया है। सीएम ने कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि गीत-संगीत व लोकसंस्कृति के माध्यम से राज्य की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन पर देहरादून में 06 प्रतिष्ठान सील

देहरादून: जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन पर राजपुर रोड क्षेत्र के 06 प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। पूर्व में बिजली कनेक्शन काटने के बाद आज इन प्रतिष्ठानों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई, जिनमें मोजो रेस्टो बार, लाइफस्टाइल (प्लेबॉय), लेवल वन रेस्टो, केएफसी और एएस-4 फैसिलिटी मैनेजमेंट सहित अन्य शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संरक्षण व जनहित में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। (फोटो नं. 20)


