हरिद्वार समाचार : परीक्षा तैयारियां, जनगणना कार्यशाला, कोब्से सम्मेलन व बाल विज्ञान कांग्रेस
1 min readउत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग की प्रारम्भिक परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक
हरिद्वार: उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारम्भिक परीक्षा-2026 को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जनपद के 52 केंद्रों (हरिद्वार में 36 और रुड़की में 16) पर कुल 20,958 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रत्येक केंद्र पर दो सेक्टर मजिस्ट्रेट, एक केंद्र प्रभारी व पांच सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। सभी केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे और मोबाइल, स्मार्ट वॉच व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
भारत की जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना कार्यशाला आयोजित
हरिद्वार: जनगणना निदेशालय के निर्देश पर कुंवर प्रभा डिग्री कॉलेज, लालढांग में स्व-गणना जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। प्राचार्य डॉ. ममता सिंह व जिला फील्ड ट्रेनर डॉ. शिवा अग्रवाल ने बताया कि जनगणना-2027 में स्व-गणना सुविधा से नागरिक स्वयं परिवार का विवरण पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे और सही जानकारी देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जिला प्रशिक्षकों ने छात्र-छात्राओं व स्टाफ को ऑनलाइन प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया तथा उनसे समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कोब्से का तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न, 56वां सम्मेलन त्रिपुरा में होगा
हरिद्वार: पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (25 से 27 नवंबर) का समापन हो गया, जिसमें नेपाल, भूटान व देश के 41 स्कूली शिक्षा बोर्डों के लगभग 91 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कोब्से की बैठक में 56वां सम्मेलन त्रिपुरा में कराने का प्रस्ताव पारित किया गया। समापन पर योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही भारत विश्व गुरु बन सकता है और उन्होंने 90 से 99 प्रतिशत बच्चों के सरकारी स्कूलों में पढ़ने की कामना व्यक्त की।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में हरिद्वार के 6 बाल वैज्ञानिक राज्य स्तर पर चयनित
हरिद्वार: पीएमश्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, रुड़की में आयोजित 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में 25 टीमों ने विभिन्न विषयों पर परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। प्रतियोगिता से छह बाल वैज्ञानिकों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ, जो 2 व 3 दिसंबर 2026 को एफटीआई, हल्द्वानी में आयोजित होगी। सीनियर वर्ग में बीएमएल मुंजाल स्कूल प्रथम व द्वितीय तथा डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल तृतीय रहा, जबकि जूनियर वर्ग में बीएमएल मुंजाल स्कूल प्रथम, जीजीआईसी भैरी द्वितीय व जीआईसी रुड़की तृतीय रहा।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि कवि एवं साहित्यकार नरेश राजवंशी,डॉ.रविंद्र चौहान,देवेंद्र पाल,सुभाष पवार, सुभाष शर्मा,बिंदेश्वरी तिवारी एवंउमेश बहुगुणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


