केदारनाथ रूट पर बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा: 7 की मौत, 23 महीने का बच्चा भी शामिल
1 min read
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान रविवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, आर्यन कंपनी का एक हेलीकॉप्टर गौरीकुंड क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कुल सात लोग सवार थे. सभी सातों लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक 23 महीने का बच्चा भी शामिल है। हेलीकॉप्टर गौरी माई खर्क से ऊपर जंगल में गिरा बताया जा रहा है.
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, बचाव कार्य जारी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “जनपद रुद्रप्रयाग में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है. एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य रेस्क्यू दल राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं. बाबा केदार से सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं.” एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं ।
मृतकों की पहचान और दुर्घटना का कारण
जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में जिन सात लोगों की मौत हुई है, उनमें राजकुमार जायसवाल, श्रद्धा जायसवाल, काशी जायसवाल, तुष्टि सिंह, विनोद, विक्रम सिंह और कैप्टन राजीव शामिल हैं। मृतकों में महाराष्ट्र का जायसवाल परिवार भी शामिल है, जिसमें एक दंपति और उनका 23 महीने का बच्चा था. विनोद नेगी और विक्रम सिंह रावत नामक दो स्थानीय लोग भी मृतकों में शामिल हैं, विक्रम सिंह रावत बीकेटीसी के कर्मचारी भी थे। हेलीकॉप्टर नोडल अधिकारी राहुल चौबे और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की पुष्टि की है। दुर्घटना का मुख्य कारण खराब मौसम को बताया जा रहा है। गौरीकुंड के ऊपर घास काट रही नेपाली मूल की महिलाओं ने सबसे पहले हेलीकॉप्टर क्रैश होने की सूचना दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार शव बुरी तरह से जले हुए हैं।
