July 23, 2026

Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद में आज की ताजा खबरें यहां देखें

1 min read
Listen to this article

हरिद्वार में जलभराव रोकने के लिए DM ने दिए सख्त निर्देश

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी के उचित प्रबंधन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपदवासियों को जलभराव की स्थिति का सामना न करना पड़े, खासकर उन क्षेत्रों में जहाँ अक्सर बारिश के दौरान पानी भर जाता है। भगत सिंह चौक और चंद्राचार्य चौक पर गंभीर जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए ड्रेनेज मास्टर प्लान के तहत कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
सिंचाई विभाग, नगर निगम और भेल के अधिकारियों को जलभराव क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण करने को कहा गया है। भेल के नगर प्रशासक को भेल की ओर से आने वाले वर्षा जल के उचित प्रबंधन हेतु तालाब (पोंड) बनाने के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वर्षा जल को तालाब में डायवर्ट किया जा सके। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता और अन्य संबंधित अधिकारियों को जल निकासी के लिए अतिरिक्त विकल्प तलाशने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे, मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हरिद्वार पुलिस की अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई: 5 के खिलाफ FIR दर्ज

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना श्यामपुर पुलिस ने वन विभाग, मंदिर समिति और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ माता चण्डी देवी मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंदिर के पैदल मार्ग पर दुकानदारों और विक्रेताओं द्वारा किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर हटाया गया। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों को निर्धारित सीमा से आगे बढ़ाकर सामान रास्ते पर फैलाया हुआ था, जिससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में भारी असुविधा हो रही थी।
पहले भी इन दुकानदारों को अतिक्रमण न करने की हिदायत नोटिस के माध्यम से दी गई थी, लेकिन उन्होंने जानबूझकर आदेशों की अवहेलना की। इससे सार्वजनिक मार्ग पर आवागमन बाधित हो रहा था और दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना श्यामपुर में एक महिला सहित 5 लोगों के खिलाफ तत्काल अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस का कहना है कि अतिक्रमण से मंदिर मार्ग संकरा हो गया था, जिससे किसी भी समय जनहानि की संभावना बनी हुई थी।

बेटी के यौन शोषण मामले में पूर्व भाजपा नेत्री और प्रेमी पुलिस हिरासत में

हरिद्वार। अपनी ही नाबालिग बेटी के यौन शोषण के आरोप में अपने कथित प्रेमी सुमित सहित जेल में बंद पूर्व भाजपा नेत्री को पुलिस ने बीते दिन कोर्ट के आदेश पर पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर अपनी कस्टडी में ले लिया है। इस कार्रवाई से कई “सफेदपोश नेताओं” की नींद उड़ गई है। भाजपा में कई वरिष्ठ पदों पर रही, और अब पार्टी से निष्कासित, इस नेत्री के प्रदेश के कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं से निकट संबंध थे, जिसके चलते कई राज खुलने की संभावनाओं को देखते हुए कई नेताओं की हवाइयां उड़ी हुई हैं।
एसआईटी की निगरानी में दोनों आरोपियों को मथुरा और आगरा ले जाया जाएगा, जहाँ से पुलिस कुछ अहम साक्ष्य और दस्तावेज जुटाना चाहती है। पुलिस का दावा है कि इससे केस को और मजबूती मिलेगी। पूर्व भाजपा नेत्री पर आरोप है कि उसने अपनी नाबालिग बेटी को बहलाकर प्रेमी सुमित पटवाल और उसके एक मित्र के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। रानीपुर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पड़ताल में सामने आया है कि घटना से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण प्रमाण आगरा और मथुरा में मौजूद हैं, जिनमें होटल में ठहरने के रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन डेटा शामिल हैं। इन्हीं तथ्यों की पुष्टि और दस्तावेजी साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने कोर्ट में रिमांड की अर्जी दाखिल की थी। अनामिका शर्मा ने अपने पति पर उन्हें फंसाने का आरोप लगाते हुए मामले को प्रॉपर्टी से जुड़ा बताया है।

गंगा स्वच्छता हेतु ‘नदी महोत्सव’ का हरिद्वार में हुआ शुभारंभ

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में नमामि गंगे परियोजना के तहत ‘नदी महोत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे ने नमामि गंगे घाट, चंडी पुल पर किया। इस कार्यक्रम में जिलास्तरीय अधिकारी, नगर निगम और नमामि गंगे परियोजना के अधिकारी एवं कार्मिक स्वच्छता और श्रमदान अभियान में शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे ने कहा कि मां गंगा और उसकी सहायक नदियों को साफ एवं स्वच्छ रखने तथा नदियों के संरक्षण एवं संवर्द्धन के लिए जनपद में आज से सितंबर 2025 तक ग्राम स्तर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे। इसमें मां गंगा के सभी घाटों की सफाई कराई जाएगी और ग्राम स्तर तक भी नमामि गंगे परियोजना एवं जिला पंचायत राज विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में लोगों को नदियों को साफ एवं स्वच्छ रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि नदियों के संरक्षण में मानव जीवन के योगदान के संबंध में शिक्षा विभाग के माध्यम से छात्र एवं छात्राओं से निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। आकांक्षा कोण्डे ने उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को नदियों को साफ-स्वच्छ रखने की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश सहित कई अन्य अधिकारी और कार्मिक उपस्थित रहे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *