हरिद्वार में अवैध क्लीनिकों और अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
1 min read

हरिद्वार, 4 सितंबर 2025 – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हरिद्वार में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से चल रहे क्लीनिकों और अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर सख्त कार्रवाई की है। इस अभियान में स्वास्थ्य मानकों का पालन न करने वाले कई संस्थानों पर भारी जुर्माना लगाया गया और कुछ को सील भी किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों से मिल रही शिकायतों के बाद, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुंवर की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया था। इस समिति में पीसीपीएनडीटी समन्वयक रवि संदल, राजन ठाकुर और कुलदीप बिष्ट शामिल थे।
इस समिति ने जनपद के विभिन्न नैदानिक संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, मान्य डायग्नोस्टिक, बहादराबाद और ग्लोबल मल्टीस्पेशलिटी, लंढौरा को मानकों के अनुसार संचालित न पाए जाने पर सील कर दिया गया। इसके अलावा, दीप अल्ट्रासाउंड सुल्तानपुर, यशलोक हॉस्पिटल रुड़की और आर्यावर्त हॉस्पिटल कनखल में मौके पर डॉक्टर मौजूद नहीं थे और मशीनें चालू पाई गईं, जिसके लिए इन पर जुर्माना लगाया गया और नोटिस जारी किए गए।
अभियान के तहत कुल 19 नैदानिक संस्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने के लिए ₹50,000 का जुर्माना लगाया गया, जिससे कुल ₹9.50 लाख का जुर्माना वसूला गया। इन संस्थानों में लोटस हॉस्पिटल ज्वालापुर, एसएन पैथोलॉजी लैब बहादराबाद, मेडविन अस्पताल रुड़की, दून पैथोलॉजी लैब लंढौरा, खुशी हॉस्पिटल लंढौरा, लाइफ हेल्थ केयर हॉस्पिटल भगवानपुर चंदनपुर, सहारा हॉस्पिटल मंगलौर, ग्रीन हॉस्पिटल मंगलौर, डिवाइन हॉस्पिटल मंगलौर, सिटी हॉस्पिटल मंगलौर, न्यू मिशन हॉस्पिटल मंगलौर, फैमिली हेल्थ केयर सुल्तानपुर, वेलनेस हॉस्पिटल इमलीखेड़ा, शिखर हॉस्पिटल इमलीखेड़ा शामिल हैं।
साथ ही, चौहान एक्सरे क्लीनिक लंढौरा, बालाजी एक्सरे सेंटर लंढौरा, सहारा हॉस्पिटल सुल्तानपुर, खुशी हेल्थ केयर भगवानपुर और लाइफलाइन अस्पताल इमलीखेड़ा की मशीनें जब्त कर उन पर भी ₹50,000 का जुर्माना लगाया गया।
