ताजा खबरें: हरिद्वार जनपद मे आज की ताजा खबरें, यहां देखें
1 min read
वरिष्ठ नागरिक दिवस पर गुरुकुल कांगड़ी वि.वि. में भव्य कार्यक्रम
हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिक महासभा द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. सुनील जोशी और विशिष्ट अतिथि संत मुनि महाराज ने वरिष्ठ नागरिकों के योगदान को समाज की पूंजी बताया। महासभा के अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार गर्ग ने वरिष्ठ नागरिकों को समाज की रीढ़ बताया। मुख्य अतिथि डॉ. जोशी ने स्वस्थ जीवन के लिए आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। संरक्षक कैलाश चंद्र शर्मा ने हरिद्वार में वृद्धाश्रम स्थापित करने की योजना से अवगत कराया।
श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने किया महानवमी पर कन्या पूजन

हरिद्वार: शारदीय नवरात्र की महानवमी पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और श्रीमनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने श्रवणनाथ मठ गंगा घाट पर विधिपूर्वक कन्या पूजन किया। उन्होंने 9 कन्याओं और 1 बालक (भैरव स्वरूप) की पूजा की। श्रीमहंत ने कन्याओं को शक्ति स्वरूपा बताते हुए समाज से उनके सम्मान, शिक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
गिरवर नाथ जनकल्याण धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा भी कन्या पूजन संपन्न

हरिद्वार: शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर गिरवर नाथ जनकल्याण धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष कमल खड़का ने अपने परिवार संग विधि-विधान से कन्या पूजन और कन्या भोज का आयोजन किया। छोटी बालिकाओं को पूजित कर भोजन कराया गया और उपहार भेंट किए गए। कमल खड़का ने कहा कि कन्या पूजन हमें यह संदेश देता है कि नारी ही सृष्टि की मूल शक्ति है।
पुलिस ने स्मैक तस्करी करते दो आरोपियों को दबोचा

हरिद्वार: ज्वालापुर कोतवाली पुलिस और एएनटीएफ टीम ने मोटरसाइकिल से स्मैक तस्करी कर रहे दो आरोपियों मोहसिन और समीर को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 14.2 ग्राम स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
चोरी के ट्रैक्टर सहित आरोपी गिरफ्तार, शादी के लिए पैसों की थी जरूरत

हरिद्वार: नगर कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के अंदर चोरी हुए ट्रैक्टर को बरामद कर आरोपी सन्नी कुमार (बीए पास) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बताया कि अगले महीने होने वाली शादी के लिए पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए उसने ट्रैक्टर चोरी किया था। वह विद्युत विभाग में ठेकेदारी करता है।
इंकलाबी मजदूर केंद्र का केंद्रीय सम्मेलन 4 और 5 अक्टूबर को

हरिद्वार: इंकलाबी मजदूर केंद्र का सातवां केंद्रीय सम्मेलन 4 और 5 अक्टूबर को त्रिमूर्तिनगर ज्वालापुर में आयोजित होगा। महासचिव रोहित रूहेला ने बताया कि दो दिवसीय सम्मेलन में मजदूरों के जीवन पर पड़े रहे घटनाक्रमों पर चर्चा होगी और अगले तीन वर्ष के लिए पदाधिकारियों का चुनाव किया जाएगा। 5 अक्टूबर को खुले सत्र के बाद एक जुलूस निकाला जाएगा। सम्मेलन में उदारीकरण नीतियों को रद्द करने, ठेका प्रथा पर रोक, न्यूनतम वेतन 30 हजार प्रतिमाह करने, और 6 घंटे का कार्य दिवस घोषित करने जैसी मुख्य मांगें उठाई जाएंगी।
