उत्तराखंड संक्षिप्त: आज दिनभर की ताजा खबरें, यहां देखें
1 min read
लक्सर में चाकू के साथ चार संदिग्ध गिरफ्तार
एसएसपी के निर्देश पर चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के तहत लक्सर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से अवैध चाकू लिए हुए चार संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का मानना है कि ये लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
शीतकालीन यात्रा पर GMVN होटलों में 50% छूट
गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) ने शीतकालीन यात्रा अवधि के दौरान पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में स्थित निगम के होटलों की वर्तमान आवासीय दरों पर 50% की छूट प्रदान की जाएगी। यह छूट उन यात्रियों के लिए है जो शीतकालीन चार धाम यात्रा स्थलों जैसे खरसाली, मुखवा, उखीमठ, ज्योर्तिमठ और पाण्डुकेश्वर के पूजा स्थलों पर आएंगे।
देहरादून में रजत जयंती सप्ताह की तैयारियों पर डीएम की बैठक

उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 03 से 09 नवंबर तक पूरे जनपद में रजत जयंती सप्ताह मनाया जाएगा। जिलाधिकारी सविन बंसल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इस सप्ताह में नारी शक्ति दिवस, सुशासन दिवस, यूथ स्पोर्ट्स, पर्यावरण, शहीदों को नमन, ऐतिहासिक विरासत, रोजगार दिवस जैसे अलग-अलग थीम पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
DSVV गौशाला में पारंपरिक गोवर्धन पूजन संपन्न

देवसंस्कृति विश्वविद्यालय (DSVV) शांतिकुंज के गौशाला परिसर में गोवर्धन पूजन का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ पारंपरिक विधि-विधान से मनाया गया। विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने पूजन कर गौ माता की आरती की। उन्होंने गोवर्धन लीला का स्मरण करते हुए साहस और सही निर्णयों से कठिनाइयों पर विजय पाने की प्रेरणा दी।
