Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

उत्तराखंड संक्षिप्त: आज की महत्वपूर्ण घटनाओं की ख़बरें, यहां देखें

1 min read
Listen to this article

मुख्य विकास अधिकारी ने ‘ग्रामोत्थान (रीप)’ परियोजना की समीक्षा की; प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में नवागत मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ललित नारायण मिश्र का जिला परियोजना प्रबंधन इकाई, ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना की टीम ने स्वागत किया। जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) संजय सक्सेना ने परियोजना के उद्देश्यों, संरचना और अब तक की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में बताया गया कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहित करना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और महिला स्व-सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत कृषि, पशुपालन, मशरूम, सिंघाड़ा, मधुमक्खी पालन और गैर-कृषि उद्यमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सीडीओ मिश्र ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए ग्रामीणों को अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए सभी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।

द एडवेंट स्कूल में वार्षिक विज्ञान मेले का आयोजन; एसपी सिटी ने किया उद्घाटन

हरिद्वार। जगजीतपुर स्थित द एडवेंट स्कूल में ‘जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में विज्ञान’ विषय पर वार्षिक विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एसपी सिटी पंकज गैरोला और विशिष्ट अतिथि विद्यालय की चेयरमैन महिमा चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। एसपी सिटी ने छात्रों को विज्ञान को जीवन का तरीका समझने और जिज्ञासु बने रहने की प्रेरणा दी। विद्यालय की प्राचार्या श्वेता कोचर ने विज्ञान को सोचने, खोजने और नवाचार करने की प्रेरणा देने वाला बताया। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न वर्गों में स्वच्छता, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और सस्टेनेबल टेक्नोलॉजी जैसे विषयों पर प्रभावशाली मॉडल और प्रयोग प्रस्तुत किए। विजेताओं को सम्मानित किया गया।

भारतीय समाज की आत्मा हैं त्यौहार एवं उत्सव’ – प्रो. शिवकुमार चौहान

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शिवकुमार चौहान ने छात्रों के साथ चर्चा के दौरान कहा कि त्यौहार एवं उत्सव भारतीय समाज की आत्मा और अटूट परंपरा का सजीव उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि ये एकता, सांस्कृतिक विविधता और साझा मूल्यों को दर्शाते हैं, साथ ही परिवार और समुदाय को परंपराओं से जोड़ते हैं। मनोविज्ञान की दृष्टि से त्योहार मानसिक तनाव पर नियंत्रण करने में सहायक होते हैं और मानव जीवन में ऊर्जा तथा सकारात्मक चिंतन का संचार करते हैं।

प्रेस क्लब में दीपावली मिलन समारोह आयोजित

हरिद्वार। प्रेस क्लब में शुक्रवार को दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सभी पत्रकारों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। जिला सूचना अधिकारी नदीम अहमद ने भी शुभकामनाएं दी। समारोह में वरिष्ठ पत्रकार डॉ. हिमांशु द्विवेदी द्वारा लिखित पुस्तक सभी को भेंट की गई। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री दीपक मिश्रा सहित अन्य सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अध्यक्ष ने पर्वों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि क्लब सामाजिक दायित्वों को भी निभा रहा है। महामंत्री दीपक मिश्रा ने दीपावली को अज्ञान रूपी अंधकार का नाश कर ज्ञान का संदेश देने वाला पर्व बताया।


कनखल में  दो विशाल अजगरों को वन विभाग ने रेस्क्यू किया

हरिद्वार। कनखल के दरिद्र भंजन मंदिर क्षेत्र में दो विशाल अजगर निकलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों अजगरों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। बाद में उन्हें उनके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया गया।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष पद के लिए मनव्वर कुरैशी ने पेश की दावेदारी

हरिद्वार। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मनव्वर कुरैशी ने मोर्चा के जिलाध्यक्ष पद के लिए दावेदारी करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा को अपना आवेदन सौंपा। कुरैशी ने 2011 से पार्टी में सक्रिय भूमिका निभाने और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में योगदान देने की बात कही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नीतियों के चलते अल्पसंख्यकों में भाजपा के प्रति विश्वास बढ़ने का दावा किया।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *