Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

देहरादून समाचार: उत्तराखंड देहरादून में आज की ताजा खबरें,यहां देखें

1 min read
Listen to this article

उत्तराखंड में जल्द स्थापित होंगी 23 खेल अकादमियां: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजीव गाँधी नवोदय विद्यालय, तपोवन में ‘सांसद खेल महोत्सव’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुआ एक बड़ा अभियान बताया, जिसका उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को गांव से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। यह महोत्सव ‘फिट इंडिया-स्पोर्ट्स इंडिया -स्ट्रॉन्ग इंडिया’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और स्थानीय खेलों को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों द्वारा 103 पदक जीतकर इतिहास रचने का उल्लेख किया। उन्होंने घोषणा की कि राज्य को विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदान करने हेतु “स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान” के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की जल्द स्थापना की जाएगी। इन अकादमियों में प्रतिवर्ष 920 विश्वस्तरीय एथलीटों सहित कुल 1000 खिलाड़ी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में उत्तराखंड का प्रथम खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने का कार्य तेज़ी से चल रहा है। साथ ही, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेताओं को ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नौकरी दी जा रही है और राजकीय सेवाओं में खिलाड़ियों के लिए 4 प्रतिशत खेल कोटा को पुनः लागू किया गया है।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने राजीव गाँधी नवोदय विद्यालय, तपोवन में वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट के लिए तथा मेस में फर्नीचर की व्यवस्था हेतु अपनी सांसद निधि से धनराशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजान दास, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल और सीडीओ अभिनव शाह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

जनता दरबार में 134 शिकायतें दर्ज, एडीएम ने कई का मौके पर किया निस्तारण

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में अपर जिलाधिकारी (एडीएम) के.के मिश्रा की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, अतिक्रमण, मार-पीट, प्रमाण पत्र, आपदा क्षतिपूर्ति, आर्थिक सहायता, भरण पोषण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित कुल 134 शिकायतें दर्ज की गईं। एडीएम ने इनमें से कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन (ऑन द स्पॉट) किया और शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश के साथ अग्रसारित किया।

​मुख्य मामलों में, ऋषिकेश की 75 वर्षीय विधवा चम्पागिरी ने अपनी संपत्ति कब्जाने और जान से मारने की धमकी के लिए बेटी के पुत्र की शिकायत की, जिस पर एडीएम ने एसपी ग्रामीण को तत्काल जांच और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। सुद्वोवाला निवासी कृष्णा देवी की बड़े बेटे द्वारा उत्पीड़न और जमीन हड़पने की शिकायत पर विकासनगर एसडीएम को भरण पोषण एक्ट के तहत वाद दर्ज कर त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया गया। वहीं, मोथरोवाला निवासी पूजा को पति की ख़राब किडनी और तंग आर्थिक स्थिति के कारण, अपर जिलाधिकारी ने तहसील प्रशासन को जांच कर आर्थिक सहायता का प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

​इस दौरान उपनगर आयुक्त संतोष कुमार पांडेय, तहसीलदार सुरेन्द्र सिंह, विवेक राजौरी, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *