जाली दस्तावेजों से बनी सैनी आश्रम की प्रबंध समिति हुई भंग: मनोज सैनी का दावा
1 min read
सैनी आश्रम बचाओ संघर्ष समिति के संरक्षक मनोज सैनी ने दावा किया है कि रजिस्ट्रार सोसाइटी फर्म एंड चिट्स उत्तराखंड ने सैनी आश्रम ज्वालापुर की प्रबंध समिति का पंजीकरण निरस्त कर दिया है। प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने जाली दस्तावेजों और गलत तथ्यों के आधार पर संस्था का पंजीकरण कराया था, जिनका उद्देश्य आश्रम की संपत्ति को हड़पना था। मनोज सैनी के अनुसार, राजनीतिक दबाव में बनी इस समिति ने न तो आय-व्यय का विवरण दिया और न ही ऑडिट कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज की इस ऐतिहासिक धरोहर को किसी भी सूरत में खुर्द-बुर्द नहीं होने दिया जाएगा। समिति के अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि अब जल्द ही जिलाधिकारी और एसडीएम से संपर्क कर आश्रम की व्यवस्था को समाज के हाथों में लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
