हरिद्वार में कांवड़ यात्री पर फायरिंग; 4 आरोपी गिरफ्तार, एक एम्स ऋषिकेश रेफर
1 min read
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में रविवार की देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास मामूली विवाद में मोटरसाइकिल सवार युवकों ने एक कांवड़ यात्री को गोली मार दी। पुलिस ने इस मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
मामूली विवाद में चली गोली
पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से गंगाजल लेकर लौट रहे चार कांवड़ यात्रियों की गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास 6-7 बाइक सवार स्थानीय युवकों से किसी बात पर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामूली टिप्पणी और बहसबाजी बड़े झगड़े में बदल गई। इसी दौरान बाइक सवार युवकों में से एक ने फायरिंग कर दी। गोली अजय (पुत्र नरेश, निवासी जिला पानीपत, हरियाणा) को लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया घायल यात्री
डायल-112 के माध्यम से रात करीब 1 बजे घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली कनखल पुलिस, क्षेत्राधिकारी नगर और फील्ड यूनिट की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायल अजय को तत्काल नजदीकी भूमानंद अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स (AIIMS) ऋषिकेश रेफर कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 4 हत्थे चढ़े
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के सख्त निर्देश पर पुलिस टीमों ने रात में ही ताबड़तोड़ दबिश देना शुरू किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल के साथ मुख्य आरोपी शिवराज को दबोच लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके तीन अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया।
पकड़े गए आरोपियों का विवरण:
- शिवराज (20 वर्ष) – निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, कनखल (मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार)
- आदित्य कुमार (20 वर्ष) – निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, कनखल
- हेमंत कुमार (22 वर्ष) – निवासी जगजीतपुर, कनखल
- वंश गुप्ता – हाल निवासी फुटबॉल ग्राउंड, जगजीतपुर
