June 3, 2026

Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

हरिद्वार समाचार: विभिन्न संगठनों ने महंगाई, पर्यावरण, कानून व्यवस्था और किसान मुद्दों पर किया प्रदर्शन

1 min read
Listen to this article

बढ़ती महंगाई को लेकर वरिष्ठ नागरिकों में रोष

हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन की बैठक ज्वालापुर इंटर कालेज में अध्यक्ष चौधरी चरण सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल, सीएनजी के बढ़ते दामों और महंगाई पर गहरा रोष जताया गया। वक्ताओं ने कहा कि आसमान छूती महंगाई से आम आदमी का बजट बिगड़ गया है और घर चलाना मुश्किल हो रहा है। संगठन ने सरकार से जनता को राहत देने के लिए जल्द विकल्प तलाशने की मांग की है। बैठक में विद्यासागर गुप्ता, एससीएस भास्कर सहित दर्जनों सदस्य मौजूद रहे।

गंगनहर पटरी पर पेड़ काटने का विरोध

हरिद्वार। पर्यावरण मित्र संस्था ने घाट निर्माण के नाम पर गंगनहर पटरी पर सैकड़ों हरे पेड़ काटे जाने पर कड़ा ऐतराज जताया है। संस्था के अध्यक्ष डॉ. संदीप कपूर और महामंत्री संजय पवार ने कहा कि एक तरफ सरकार पर्यावरण सेस वसूल रही है, वहीं दूसरी तरफ पेड़ों को काटकर पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने चेताया कि यदि यह कटान नहीं रुका, तो हरिद्वार की स्थिति भी एनसीआर जैसी हो जाएगी। संस्था ने सरकार से बिना पेड़ काटे घाट निर्माण की तकनीक अपनाने की मांग की है।

सुराज सेवा दल ने कानून व्यवस्था को लेकर दिया ज्ञापन

हरिद्वार। सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रोशनाबाद स्थित एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। रमेश जोशी ने पुलिस प्रशासन से बिना भेदभाव के निष्पक्ष जांच करने, पीड़ितों को न्याय दिलाने और क्रॉस रिपोर्ट का चलन बंद करने की मांग की। विशेषकर पथरी थाने के प्रकरण में निर्दोषों को न फंसाने की अपील की गई। एसपी देहात शेखर सुयाल ने तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करने और विवेचना में निर्दोषों के नाम हटाने का आश्वासन दिया।

किसान श्रमिक जनशक्ति यूनियन का राष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न

हरिद्वार। भारतीय किसान श्रमिक जनशक्ति यूनियन का तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन रोड़ीबेलवाला में संपन्न हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष मानसिंह यादव और प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार चौधरी के नेतृत्व में किसानों की मांगों से संबंधित 21 सूत्रीय ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा गया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री से गंगा किनारे ‘किसान भवन’ बनाने तथा बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से नष्ट हुई फसलों का मुआवजा जल्द देने की मांग की गई। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

सनातन की धरोहर है कुंभ मेला: श्रीमहंत रविंद्रपुरी

हरिद्वार। निरंजनी अखाड़े में अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज और आनंद पीठाधीश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज के बीच सनातन धर्म और कुंभ मेले को लेकर चर्चा हुई। संतों ने युवा पीढ़ी से पाश्चात्य संस्कृति को छोड़कर सनातन संस्कृति अपनाने का आह्वान किया। श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि सभी 13 अखाड़े मिलकर अगले वर्ष हरिद्वार कुंभ को भव्य रूप देंगे। स्वामी बालकानंद गिरी ने कहा कि प्रयागराज की तरह हरिद्वार कुंभ भी भारत की आध्यात्मिक धरोहर का भव्य प्रतीक बनेगा।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *