रोक, सावधानी और सुरक्षा: जीवन रक्षा का सशक्त संदेश
1 min read
सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान, 200 से अधिक लोग जागरूक
देहरादून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून द्वारा घंटाघर चौक पर सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सचिव सीमा डुंगराकोटी ने यातायात नियमों के पालन, ओवरस्पीडिंग व नशे में वाहन न चलाने की अपील की तथा निःशुल्क विधिक सहायता और नालसा हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी। यातायात निरीक्षक समरवीर सिंह रावत ने दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों की समय पर मदद करने का संदेश दिया। अभियान में 200 से अधिक लोगों को जागरूक किया गया।
मुख्यमंत्री घोषणाओं में लापरवाही पर डीएम सख्त, विभागों को नोटिस

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक में लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। जनपद में वर्ष 2021 से अब तक हुई 565 घोषणाओं में से 353 पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष घोषणाओं पर कार्य जारी है। सिंचाई, शहरी विकास, पेयजल, लोक निर्माण, शिक्षा, पर्यटन एवं समाज कल्याण विभागों में अधिक लंबित मामलों पर नोटिस जारी किए गए। डीएम ने तीन माह से अधिक कोई घोषणा लंबित न रहने तथा तय समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
विकास परियोजनाओं के लिए भूमि चयन में तेजी, डीएम ने बनाई संयुक्त टीम

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने वन भूमि हस्तांतरण और प्रतिपूरक वनीकरण (सीए) भूमि चयन से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। आशारोड़ी-झाझरा-मसूरी हाईवे समेत विभिन्न परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि चिन्हीकरण में तेजी लाने हेतु डीएफओ, एसडीएम और कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं की संयुक्त टीम गठित की गई। डीएम ने तहसीलदारों को भी परियोजनाओं के लिए उपयुक्त भूमि चयन में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
