जिलाधिकारी ने किया हल्द्वानी स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण
1 min read
हल्द्वानी। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को नैनीताल के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने हल्द्वानी स्थित ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी (CCTV) निगरानी प्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, प्रवेश एवं निकास पंजिका (रजिस्टर) तथा मशीनों के सुरक्षित भंडारण से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का गहनता से परीक्षण किया गया। उन्होंने परिसर की समस्त व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की, जो जांच में संतोषजनक पाई गईं। वहां उपस्थित विभिन्न प्रतिनिधियों को वेयरहाउस की सुरक्षा और मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव की पूरी प्रक्रिया से अवगत भी कराया गया।
इस निरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया था। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पाण्डे के साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि जगदीश कुमार टम्टा (बसपा), दिनेश खुल्वे (भाजपा), संजू उप्रेती (आईएनसी), हरिश्चंद्र (आईएनसी) एवं मनोज शर्मा (आईएनसी) भी उपस्थित रहे।
