रेलवे भूमि पर चला प्रशासन का पीला पंजा, हटाई गई अवैध झुग्गियां
1 min read

हरिद्वार: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मंगलवार को टीबड़ी रेलवे अंडर ब्रिज (आंबेडकर चौक) के पास रेलवे भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई झुग्गी-झोपड़ियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में रेलवे, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने करीब 40 से 45 अवैध झुग्गियों को हटाया।
नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने बताया कि रेलवे प्रशासन द्वारा अपनी भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से सहयोग मांगा गया था। इसके बाद संयुक्त अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा, आगामी कांवड़ मेला और कुंभ मेले को सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने के उद्देश्य से सरकारी भूमि, सड़क किनारे, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अभियान के दौरान सीओ सदर एसपी बलूनी, रेलवे डिवीजन इंजीनियर अनूप कुमार, सेक्शन इंजीनियर पंकज शर्मा, नायब तहसीलदार अनिल गुप्ता सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
