शांतिकुंज में तीन दिवसीय कार्यशाला का समापन, प्राधिकरण की कार्रवाई जारी और कावड़ मेले हेतु पुलिस की पहल
1 min read
तीन दिवसीय ट्रस्ट मंडल कार्यशाला का समापन
हरिद्वार: देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज की तीन दिवसीय ट्रस्ट मंडल कार्यशाला का दीप प्रज्वलन के साथ समापन हुआ। कार्यक्रम में देवसंस्कृति विवि के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि प्रज्ञा संस्थान एवं गायत्री शक्तिपीठ उपासना के साथ-साथ युगऋषि के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने वाले जनजागरण के सशक्त केन्द्र हैं। उन्होंने ट्रस्टियों को अनुशासन, सेवा और पारदर्शिता का पालन करने का संदेश दिया। इस कार्यशाला में ओडिशा, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ से 250 से अधिक प्रतिनिधियों और समन्वयकों ने भाग लिया।
हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण ने अवैध दुकानों को किया सील

हरिद्वार: हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) की टीम ने क्षेत्र में बिना स्वीकृति किए जा रहे कई अवैध निर्माणों पर कड़ा रुख अपनाते हुए सीलिंग की कार्यवाही की। प्राधिकरण की टीम ने पाम सिटी के पास, सलेमपुर महदूद, सीता बिहार मार्ग (बहादराबाद), बढेडी राजपुताना तथा धनौरी मार्ग (भगवानपुर) में अवैध रूप से बनाए जा रहे ढाबे और दुकानों को सील कर दिया। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार बार-बार निर्देश देने के बावजूद निर्माण कार्य बंद न करने पर यह सख्त एक्शन लिया गया है।
कांवड़ मेला 2026: श्यामपुर में पुलिस-जन सहयोग बैठक आयोजित

हरिद्वार: आगामी श्रावण कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए श्यामपुर थाने में पुलिस-जन सहयोग बैठक का आयोजन किया गया। क्षेत्राधिकारी नगर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में एसपीओ, सीएलजी सदस्यों और स्थानीय होटल-ढाबा संचालकों ने भाग लिया। बैठक में मेले के दौरान भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। क्षेत्राधिकारी ने स्थानीय प्रतिनिधियों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की, जिस पर सभी सदस्यों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
