November 16, 2026

Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

उत्तराखंड समाचार संक्षेप: छठ महापर्व की धूम, केंद्रीय मंत्रियों का आगमन,नारी शक्ति सम्मान और विकास योजनाओं की सौगात

1 min read
Listen to this article

हरिद्वार। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर के पतंजलि योगपीठ आगमन पर महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान दोनों के बीच राष्ट्रनिर्माण, सामाजिक विकास और भारतीय ज्ञान-परंपरा के वैश्विक प्रसार पर सार्थक चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने आयुर्वेद के क्षेत्र में आचार्य बालकृष्ण के योगदान की सराहना करते हुए नव-निर्मित ‘श्री धन्वन्तरि धाम’ (हर्बल वर्ल्ड) की परियोजनाओं, जैसे नॉलेज पाथ, एडवेंचर स्पोर्ट्स और ध्यान गुफाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

हरिद्वार। छठ महापर्व के तीसरे दिन सांध्यकालीन अर्घ्य के अवसर पर पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री एवं सांसद राधा मोहन सिंह ने गोविंद घाट, हर की पौड़ी और सप्तसरोवर घाट पहुंचकर व्रतधारी श्रद्धालुओं से भेंट की और पर्व की शुभकामनाएं दीं। उनके साथ महापौर किरण जैसल और भाजपा सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी भी उपस्थित रहे। राधा मोहन सिंह ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कालाढूंगी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए 200 विद्युत पोलों की स्थापना, मिनी स्टेडियम निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, अस्पताल का उच्चीकरण और कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं के लिए 70 अतिरिक्त जिप्सियों के पंजीकरण सहित छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने छठ पूजा के शुभ अवसर पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की। उन्होंने सभी को पर्व की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि छठ पूजा प्रकृति के प्रति सम्मान, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश देती है।

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्वांचल सेवा समिति द्वारा आयोजित छठ महोत्सव में शामिल होकर भगवान सूर्य नारायण की पूजा-अर्चना की और संजय रेलवे पार्क के पास छठ घाट सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि खटीमा में बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक का ड्रेनेज प्लान स्वीकृत किया गया है और सीमावर्ती गांवों के विकास के लिए भी तेजी से कार्य चल रहा है।

हल्द्वानी। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की विशेष प्रतिवेदक शोमिता विश्वास ने जिला प्रोबेशन कार्यालय, बाल सुधार गृह, विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी और नारी निकेतन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थानों में रह रहे बच्चों और महिलाओं से बातचीत कर भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को अभिलेख अद्यतन रखने और आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *