बारिश के बीच यात्रियों से भरी मेटाडोर पलटी, छह घायल, बड़ा हादसा टला
1 min read
हरिद्वार/लक्सर। लक्सर क्षेत्र में गुरुवार को बारिश के दौरान यात्रियों से भरी एक मेटाडोर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में छह यात्री घायल हो गए, जबकि वाहन में सवार अन्य यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, मेटाडोर हरिद्वार से लक्सर की ओर जा रही थी। दोपहर बाद लक्सर-सुल्तानपुर मार्ग पर बेगमपुल के निकट चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन खेत में पलट गया। दुर्घटना के समय वाहन में एक दर्जन से अधिक यात्री सवार थे।
हादसे में चांदपाल, सुरेंद्र, बेबी, नेहा, दीपांशु तथा देवी रानी घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सुल्तानपुर और लक्सर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को घर भेज दिया।
लक्सर कोतवाली के एसएसआई नितिन चौहान ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।
