August 4, 2026

Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

हरिद्वार समाचार: अपराध, कांवड़ मेला और जनसमस्याओं से जुड़ी मुख्य ख़बरें

1 min read
Listen to this article

12.57 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी

हरिद्वार। जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ठोकर नं. 2 दूधियाबंद के पास से एक संदिग्ध को दबोचा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 12.57 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

​आरोपी की पहचान सोनूपाल (पुत्र स्व. राजपाल), निवासी वैदिक नगर-3, रायवाला (देहरादून) के रूप में हुई है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह यह स्मैक अपने एक साथी से बिक्री के उद्देश्य से लाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है और मुख्य सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस टीम: एसआई नवीन सिंह चौहान, कांस्टेबल संदीप नेगी एवं पवन सिंह।

7 वर्षों से बदहाल सराय बाईपास रोड: प्रशासन की उदासीनता पर व्यापार मंडल ने उठाए सवाल

हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सिंचाई विभाग उत्तराखंड के अधीन आने वाली सराय बाईपास रोड पिछले 7 वर्षों से जर्जर स्थिति में है। ज्वालापुर शहर व्यापार मंडल एवं राजलोक कालोनी के अध्यक्ष विपिन गुप्ता ने इस पर जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग की उदासीनता पर कड़ा आक्रोश जताया है।

​उन्होंने बताया कि प्रतिदिन हजारों नागरिक, व्यापारी, विद्यार्थी और कामकाजी लोग इस मार्ग से गुजरते हैं और हादसों का शिकार होते हैं। अनेक आंदोलनों, धरना-प्रदर्शनों और ज्ञापनों के बावजूद शासन-प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। विपिन गुप्ता ने मांग की है कि जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस सड़क का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए।

एक लाख रुपये की लूट मामले में 4 और आरोपी गिरफ्तार, 80 हजार नकद व तमंचा बरामद

हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत भैंस खरीदने आए व्यक्ति से हुई ₹1 लाख की लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़ित इमरान (निवासी ग्राम सिहचंदी, भगवानपुर) ने 20 जुलाई को 4 अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मारपीट और लूट का मामला दर्ज कराया था।

​पुलिस इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता महिला को पहले ही गिरफ्तार कर ₹10,000 बरामद कर चुकी है। उसी महिला की निशानदेही पर पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले अन्य चार आरोपियों—सुधांशु उर्फ काका, वंश, अनुज और आकाश को दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से ₹80,000 नकदी, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।

पुलिस टीम: कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसएसआई नितिन चौहान, एसआई सुरेश कुमार सिंह, एसआई दीपक चौधरी, एसआई रोहित कुमार आदि।

जिला बार एसोसिएशन सभागार चोरी का खुलासा, 3 अभियुक्त गिरफ्तार

हरिद्वार। सिडकुल कोतवाली पुलिस ने रोशनाबाद स्थित जिला बार एसोसिएशन सभागार की लाइब्रेरी से एल्युमिनियम, ग्लास और बिजली के सामान की चोरी की घटना का सफल अनावरण किया है। 23 जुलाई को बार एसोसिएशन के सचिव विपिनचंद द्विवेदी द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने ज्वालापुर निवासी तीन आरोपियों—आदिल, गुलफाम और आवेश को गिरफ्तार किया।

​पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बागोवाली के पास झाड़ियों में छिपाए गए बिजली के तार के पैकेट और ₹28,000 की नकदी बरामद की है। मामले का चौथा संदिग्ध वर्तमान में अन्य मामले में जेल में निरुद्ध है।

पुलिस टीम: कोतवाली प्रभारी अजय शाह, कोर्ट चौकी प्रभारी एसआई देवेंद्र सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल सोहन सिंह राणा, कांस्टेबल गजेंद्र प्रसाद।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed