हरिद्वार दैनिक समाचार: एस.आई.आर विवाद,अपराध और शांतिकुंज कार्यशाला
1 min read
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
हरिद्वार। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। भाजपा नेताओं (भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विधायक आदेश चौहान, रुड़की जिलाध्यक्ष मधु सिंह आदि) ने कांग्रेस पर बीएलओ और पार्टी प्रतिनिधियों पर अनुचित दबाव बनाकर एसआईआर प्रक्रिया में व्यवधान डालने और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। ज्ञापन में मांग की गई कि सभी पक्ष निर्वाचन आयोग के नियमों का पालन करें तथा उल्लंघन पर उचित जांच व कार्रवाई की जाए।
173 नशीले कैप्सूल के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

हरिद्वार। एसएसपी के निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली लक्सर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 173 अवैध नशीले कैप्सूलों के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान वसीम अहमद उर्फ सीम्मी (निवासी नेन्हदपुर सुठारी) और आरिफ (निवासी मोहल्ला ढाब सुल्तानपुर) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खुद नशा करने और अपनी निजी जरूरतों को पूरा करने के लिए इन्हें बेचते थे। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर नशीले कैप्सूलों के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसएसआई नितिन चौहान व अन्य कर्मी शामिल रहे।
शांतिकुंज में तीन दिवसीय ट्रस्ट मंडल कार्यशाला संपन्न

हरिद्वार। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में आयोजित तीन दिवसीय ट्रस्ट मंडल कार्यशाला का समापन हुआ। कार्यशाला में वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष के संदर्भ में चल रहे अभियानों, मिशन विस्तार और संगठन को सशक्त बनाने पर गहन मंथन किया गया। प्रतिभागियों ने अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी से आशीर्वाद लिया, जिन्होंने सेवा और साधना को आधार बनाकर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने पूज्य पं. श्रीराम शर्मा आचार्य और माता भगवती देवी शर्मा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने पर चर्चा की।
