मेलाधिकारी के सख्त निर्देश, हर की पैड़ी परियोजना का निरीक्षण , 21 वाहन सीज और 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
1 min read
कुंभ मेला-2027: निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश
हरिद्वार। कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कुंभ मेला-2027 से जुड़े सभी निर्माण कार्यों को कार्यदायी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय, समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण या ब्लैकटॉपिंग से पहले ही सीवर, पेयजल, विद्युत और ओएफसी लाइन से जुड़े कार्य पूरे कर लिए जाएं। निर्माण के बाद सड़क खुदाई की अनुमति किसी विभाग को नहीं मिलेगी। थर्ड पार्टी निरीक्षण (TPI) में सामने आई कमियों को 15 दिनों के भीतर निस्तारित कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के उल्लंघन या गुणवत्ता में लापरवाही पर दंडात्मक कार्रवाई और भुगतान में कटौती की जाएगी। समीक्षा बैठक में सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अपर मेलाधिकारी ने किया हरकी पैड़ी विकास परियोजना का स्थलीय निरीक्षण, जीएसबी की मौके पर कराई खुदाई

हरिद्वार। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने सोमवार को पंतद्वीप एवं उत्तर हरकी पैड़ी क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की बिछाई गई सतह की मौके पर खुदाई कराकर प्रयुक्त सामग्री की जांच की। प्रथम दृष्टया जीएसबी में मिट्टी की मात्रा अधिक पाए जाने पर उन्होंने टीपीआई एजेंसी और कार्यदायी संस्था यूपीडीसीसी को सख्त हिदायत दी। इसके अलावा उन्होंने निर्माणाधीन टॉयलेट ब्लॉक, घाटों के पुनरोद्धार, टाइल्स और रेलिंग कार्यों का भी जायजा लिया और सभी कार्य कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत समय पर गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
हरिद्वार में ई-रिक्शा और तिपहिया वाहनों के खिलाफ सघन अभियान: 179 चालान, 21 सीज

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एआरटीओ (प्रवर्तन) श्रीमती नेहा झा के निर्देश पर परिवहन विभाग ने जनपद के विभिन्न मार्गों पर ई-रिक्शा व तिपहिया वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा के अनुसार, ओवरलोडिंग, बिना लाइसेंस, बीमा, कर व अन्य प्रपत्रों के संचालन पर कार्रवाई की गई। अभियान के तहत कुल 179 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 82 ई-रिक्शा व तिपहिया वाहन शामिल हैं। गंभीर अनियमितताओं पर 21 वाहनों को सीज किया गया तथा 65 मामलों में दस्तावेज इम्पाउंड किए गए। यह कार्रवाई हरिद्वार-देहरादून मार्ग, सिडकुल, रानीपुर मोड़ और एनएच-34 सहित प्रमुख क्षेत्रों में की गई।
हरिद्वार में 17 सितंबर से शुरू होगा 32 दिवसीय ‘सेवा संकल्प अभियान’

हरिद्वार। उत्तराखंड शासन के निर्देशानुसार जनपद हरिद्वार में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक संपन्न हुई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विकसित भारत-2047 के संकल्प और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के तहत सेवा दीप, सेवा ज्योति कलश यात्रा, आंगन मिलन सेवा, फिट इंडिया मूवमेंट और सुशासन सेवा संवाद जैसे विविध जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
