हल्द्वानी में कढ़ाई एवं वस्त्र अलंकरण प्रशिक्षण : 50 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने लिया भाग
1 min read
हल्द्वानी। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सहयोग से नैनीताल जिले में संचालित कढ़ाई एवं वस्त्र अलंकरण आधारित आजीविका एवं उद्यम विकास कार्यक्रम का समापन मंगलवार को गोल्ज्यू बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया गया। महिला पिछड़ा वर्ग समिति, हल्द्वानी द्वारा कार्यान्वित इस कार्यक्रम के समापन समारोह में नाबार्ड, जिला उद्योग केंद्र, नैनीताल जिला सहकारी बैंक, सहकारिता विभाग और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र (MSME) के प्रतिनिधियों ने शिरकत की।
कार्यक्रम में लगभग 50 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया। नाबार्ड द्वारा लगभग 10 लाख रुपये की अनुदान सहायता से समर्थित इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कढ़ाई व वस्त्र अलंकरण की आधुनिक तकनीकों से जोड़कर स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देना है। योजना के तहत कुल 90 स्वयं सहायता समूहों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को उत्पाद विकास, गुणवत्ता सुधार, उद्यम प्रबंधन, विपणन, वित्तीय साक्षरता और बैंक ऋण प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्रशिक्षण से उन्हें बाजार की मांग के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करने की नई तकनीकें सीखने को मिली हैं। नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक मुकेश बेलवाल ने सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि अर्जित कौशल को नियमित आर्थिक गतिविधि में बदलकर ही इस प्रशिक्षण की वास्तविक सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने महिलाओं को सामूहिक रूप से कार्य करने, उत्पादों में विविधता लाने और नाबार्ड की वित्तीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र और सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने भी विभागीय योजनाओं और व्यावसायिक अवसरों की जानकारी दी।
