September 25, 2026

Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

हरिद्वार समाचार: ऊर्जा संकट, जन-आक्रोश, प्रशासनिक निर्देश और धार्मिक-सामाजिक गतिविधियां

1 min read
Listen to this article

लक्सर में 20 लीटर कच्ची शराब के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

​हरिद्वार। नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लक्सर कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से तीन तस्करों—गुरुमीत (हरचंदपुर), रोहित (पीतपुर) और असलम (मोहम्मदपुर कुन्हारी)—को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई है। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

उत्तराखंड में पीक आवर्स के दौरान 350 मेगावाट बिजली की कमी, UPCL निदेशक ने दिए सुधार के निर्देश

​हरिद्वार। प्रदेश में पीक आवर्स के दौरान करीब 350 मेगावाट बिजली की किल्लत बनी हुई है, जिससे कुछ इलाकों में आपातकालीन कटौती करनी पड़ रही है। कोयला आधारित उत्पादन में कमी, जल स्तर घटने से हाइड्रो प्रोजेक्ट्स से कम उत्पादन और टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट की दो इकाइयों के बंद होने से यह संकट गहराया है। यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक ने स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर आपूर्ति व्यवस्था में सुधार लाने और अनुरक्षण (मेंटेनेंस) कार्य का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

विधायक तिलकराज बेहड़ से अभद्रता के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का शिवालिक नगर में प्रदर्शन

​हरिद्वार। बाजपुर में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के साथ हुई मारपीट और दुर्व्यवहार के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिवालिक नगर चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार का पुतला फूंका। ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह राणा और पूर्व राज्यमंत्री डॉ. संजय पालीवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में चूर नेता कानून का उल्लंघन कर रहे हैं। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

ITI रोशनाबाद में छात्रों को दिए गए स्वरोजगार एवं उद्यमिता के गुर

​हरिद्वार। उद्योग विभाग द्वारा आईटीआई रोशनाबाद में उद्यमिता विकास और ‘वोकल फॉर लोकल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक दिनेशचन्द्र आर्य सहित अन्य अधिकारियों ने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, कॉलेटरल-फ्री लोन, उद्यम व जीएसटी पंजीकरण, और ब्रांडिंग-मार्केटिंग की जानकारी दी। छात्रों को स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया।

शंकराचार्य चौक पर महानगर कांग्रेस का प्रदर्शन, बेहड़ पर हमले के दोषियों पर कार्रवाई की मांग

​हरिद्वार। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ पर हुए हमले के खिलाफ महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शंकराचार्य चौक पर प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग और प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष चौहान सहित नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार में लोकतांत्रिक व्यवस्था और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि कार्यकर्ता धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

स्वामी आत्मानंद सरस्वती की षोडसी पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

​हरिद्वार। विष्णु गार्डन स्थित श्रीगीता विज्ञान आश्रम में सन्यासी स्वामी आत्मानंद सरस्वती की षोडसी के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। महामंडलेश्वर स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि सन्यासी का जीवन समाज और धर्म की सेवा में समर्पित होता है। उन्होंने स्वामी आत्मानंद को एक त्यागी व तपस्वी संत बताते हुए उनके योगदान को याद किया। इस मौके पर निरंजनी अखाड़े के संतों और श्रद्धालुओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

निजी अस्पतालों के चिकित्सकों ने आयुष्मान योजना के बकाए भुगतान की मांग

​हरिद्वार। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के प्रतिनिधियों और निजी अस्पताल संचालकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून में राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के अध्यक्ष से मुलाकात की। चिकित्सकों ने आयुष्मान योजना के तहत लंबे समय से अटके बकाए भुगतान पर चिंता जताई और चेतावनी दी कि भुगतान में अत्यधिक देरी से अस्पतालों के सामने वित्तीय संकट खड़ा हो रहा है। उन्होंने मरीजों का इलाज निर्बाध जारी रखने के लिए बकाए का शीघ्र और समयबद्ध निस्तारण करने की मांग की।

कुंभ मेले में पटियाला से हरिद्वार लाकर स्थापित की जाएगी निर्मल अखाड़े की धर्मध्वजा

​हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रवींद्रपुरी महाराज ने बताया कि अगले वर्ष हरिद्वार कुंभ मेले के दौरान श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल के संत पटियाला से धर्मध्वजा लाकर हरिद्वार छावनी में स्थापित करेंगे। पटियाला स्थित डेरा धर्मध्वजा में आयोजित कार्यक्रम से लौटे श्रीमहंत रवींद्रपुरी ने कहा कि सभी 13 अखाड़ों के सहयोग और समर्थन से हरिद्वार, नासिक और उज्जैन कुंभ को भव्य रूप से संपन्न कराया जाएगा।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *