पंचतत्व में विलीन हुईं सीएम योगी की माता सावित्री देवी, अंतिम विदाई में छलक पड़े मुख्यमंत्री के आंसू
1 min read
मां को मुखाग्नि देते वक्त छलक पड़े योगी के आंसू, नमामि गंगे घाट पर उमड़ा जनसैलाब
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर पूरे राजकीय सम्मान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अंतिम संस्कार किया गया। पैतृक गांव पंचूर से पार्थिव शरीर घाट पर पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। स्वर्गीय सावित्री देवी के छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस भावुक क्षण में कठोर अनुशासन के लिए पहचाने जाने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपने आंसू नहीं रोक पाए। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घाट पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।
वीवीआईपी आगमन एवं व्यवस्था :
धामी ने लोगों के बीच पहुंचकर संभाली व्यवस्था, श्रद्धांजलि देने पहुंचे दिग्गज

मां का जाना जीवन की सबसे बड़ी अपूरणीय क्षति : श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी
हरिद्वार। सावित्री देवी की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई दिग्गज नेता, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। घाट पर भारी भीड़ के दबाव को देखते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं लोगों के बीच जाकर रास्ता बनवाया और व्यवस्था संभाली। श्रद्धांजलि देने वालों में यूपी के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, यूपी के कई कैबिनेट व राज्यमंत्री, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, रवि किशन, उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, रमेश पोखरियाल निशंक सहित शासन-प्रशासन के शीर्ष अधिकारी मुख्य रूप से शामिल रहे।

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में मां को प्रथम गुरु माना गया है और माता के संस्कारों ने ही योगी आदित्यनाथ को संन्यास व राष्ट्रसेवा की प्रेरणा दी। उन्होंने दिवंगत पुण्यात्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने के लिए मां मनसा देवी और भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की।


