कनखल (हरिद्वार): रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम में मधुमेह जागरूकता अभियान आयोजित
1 min read
हरिद्वार। रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम, कनखल में अंतर्राष्ट्रीय मधुमेह दिवस के अवसर पर जागरूकता अभियान एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दीप प्रज्वलित कर व रिबन काटकर कार्यक्रम तथा चित्रकला प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि जीवन का लक्ष्य बेहतर कार्य करना होना चाहिए। उन्होंने मधुमेह से पीड़ित बच्चों को जीवन जीने की कला और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने की आश्रम की पहल को सराहनीय बताया तथा जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
आश्रम के सचिव डॉ. स्वामी दयामूर्त्यानंद महाराज ने बताया कि 20 वर्ष पूर्व तीन बच्चों से शुरू हुए क्लब से आज 180 बच्चे व युवा जुड़ चुके हैं, जिन्हें चिकित्सकों द्वारा उपचार व प्रोत्साहन दिया जा रहा है। कार्यक्रम में 5 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने अपने अनुभव साझा किए और सांस्कृतिक व खेल गतिविधियों में भाग लिया। स्वामी निखिलेश्वरानंद महाराज ने आत्मबल की प्रेरणा दी, जबकि युवा एडवोकेट व नेशनल बॉडीबिल्डर हितार्थ प्रिंस ने आश्रम से मिली नई ऊर्जा का अनुभव साझा किया।
कार्यक्रम का संचालन मयंक ने किया। इस दौरान विभिन्न संत, चिकित्सक व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


