उत्तराखंड: धामी ने किया मेले का शुभारंभ, खेल महाकुम्भ व ईको-टूरिज्म का आगाज तथा नई दिल्ली में गायत्री परिवार का शताब्दी महोत्सव
1 min read
मुख्यमंत्री धामी ने किया गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव एवं राजकीय मेले का शुभारंभ
देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में वीर गोरखा कल्याण समिति द्वारा आयोजित गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव एवं राजकीय मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने गोरखा समाज की वीरता, साहस और राष्ट्रभक्ति की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार गोरखा समाज के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में नेपाली भाषा के डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू करने और नेपाली अकादमी को भाषा संस्थान से जोड़ने का भी जिक्र किया गया।
हल्द्वानी/नंधौर वन्यजीव अभयारण्य में ईको-टूरिज्म सफारी का शुभारंभ

सांसद अजय भट्ट ने हल्द्वानी के चोरगलिया द्वार पर नंधौर वन्यजीव अभयारण्य के सत्र 2026-27 के सफारी पर्यटन का शुभारंभ किया। इस दौरान वन्यजीव संरक्षण, ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने, नई ट्रेल्स विकसित करने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया। वर्तमान में इस क्षेत्र से 40 नेचर गाइड और 21 सफारी वाहन प्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं।
खेल महाकुम्भ-2026: देहरादून जनपद बना ‘मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी’ का विजेता

देहरादून के ननूरखेड़ा में आयोजित खेल महाकुम्भ-2026 और मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजेता जनपद देहरादून को ट्रॉफी और 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। इस वर्ष लगभग 3.35 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, और लगभग 11.30 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खिलाड़ियों के खातों में भेजी जा रही है।
क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय एवं भत्तों में वृद्धि के लिए होगी कार्यवाही

देहरादून में आयोजित ‘उत्तराखण्ड प्रमुख संगठन सम्मेलन, 2026’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए चार बड़ी घोषणाएं कीं। इसके तहत क्षेत्र पंचायत निधि को पुनः प्रारंभ करने, प्रतिनिधियों के मानदेय व भत्तों में वृद्धि करने, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समिति में ब्लॉक प्रमुख को शामिल करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों को नगरीय क्षेत्रों में मिलाने से पूर्व ग्राम पंचायतों से विचार-विमर्श करने का निर्णय लिया गया है।
इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में गायत्री परिवार का जन्मशताब्दी महोत्सव

नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी का जन्मशताब्दी महोत्सव आयोजित किया गया। समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान “वसुधैव कुटुंबकम – वन वर्ल्ड, वन फैमिली” का संदेश गूँजा तथा राष्ट्र जागरण, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण का संकल्प लिया गया।


