फायर एनओसी के लिए रिश्वत मांग रहा अधिकारी गिरफ्तार, सतर्कता टीम ने 6 हजार रुपये लेते रंगे हाथों दबोचा
1 min read
Oplus_131072
कोटद्वार: लैंसडौन स्थित एक होटल की फायर एनओसी (अग्नि सुरक्षा प्रमाण पत्र) जारी करने के एवज में रिश्वत मांगना अग्निशमन विभाग के अधिकारी को भारी पड़ गया। सतर्कता विभाग (विजिलेंस) की टीम ने कार्रवाई करते हुए कोटद्वार फायर स्टेशन के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने विजिलेंस से शिकायत की थी कि पौड़ी गढ़वाल के लैंसडौन स्थित उसके होटल की फायर एनओसी जारी करने के बदले प्रभारी अधिकारी भूपेश त्यागी 20 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सतर्कता विभाग ने मामले की गोपनीय जांच कराई। शुरुआती जांच में आरोप सही पाए जाने पर देहरादून सतर्कता सेक्टर थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप टीम का गठन किया गया।
बुधवार को विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर भूपेश त्यागी को शिकायतकर्ता से 6,000 रुपये की पहली किश्त स्वीकार करते हुए मौके पर ही धर दबोचा। आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


