November 4, 2026

Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

लक्सर में दुस्साहस: नकाबपोश बदमाशों ने युवक का अपहरण कर की मारपीट, नकदी और मोबाइल लूटा

1 min read
Listen to this article

हरिद्वार। लक्सर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर में अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हनुमान चौक पर खड़े एक युवक को तीन नकाबपोश बदमाशों ने जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया और सुनसान रास्ते पर ले जाकर मारपीट करते हुए उससे नकदी व मोबाइल छीन लिया। घटना के बाद आरोपी पीड़ित को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, शिवगढ़ गांव निवासी अनुज पुत्र गजे सिंह 1 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे किसी काम से सुल्तानपुर आया था। वह वापस घर लौटने के लिए हनुमान चौक पर खड़ा था, तभी चेहरे पर कपड़ा बांधे तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने अनुज को जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया और सुनसान रास्ते की तरफ ले गए।

आरोप है कि बदमाशों ने रास्ते में अनुज के साथ जमकर मारपीट, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। इसके बाद उन्होंने उसकी जेब में रखे 5,000 रुपये नकद और सैमसंग A-36 5G मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पीड़ित को फुलगढ़-शिवगढ़ रोड पर आम के बाग के पास स्थित एक ट्यूबवेल के निकट फेंककर मौके से रफूचक्कर हो गए।

घटना के बाद से पीड़ित अनुज काफी डरा-सहमा हुआ है। उसने कोतवाली लक्सर पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई और तहरीर दी। पुलिस ने तीनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed