Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

जनपद हरिद्वार में आज की ताजा खबरें, यहां देखें

1 min read
Listen to this article


नशीले इंजेक्शन की तस्करी कर रहा आरोपी गिरफ्तार 23 इंजेक्शन बरामद
हरिद्वार। थाना बहादराबाद पुलिस और एएनटीएफ ने नशीले इंजेक्शन की तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 23 नशीेले इंजेक्शन बरामद हुए हैं। मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के अन्तर्गत एसएसपी के निर्देशों पर पुलिस नशा तस्करों पर लगातार कार्यवाही कर रही है।इसी क्रम में थाना बहादराबाद पुलिस ने एएनटीएफ के साथ संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए नहर पटरी रानीपुर झाल के पास चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार गौरव पुत्र स्व.अमर सिंह,निवासी शेखपुरा कुमारगढ़ा थाना को नशीले इंजेक्शन समेत दबोच लिया।नशीले इंजेक्शनों की तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी पुलिस ने जब्त कर लिया।पूछताछ में आरोपी गौरव ने बडे ड्रग्स पैडलरो के नामों का खुलासा किया है। प्रकाश में आये ड्रग्स पैडलरो की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस जुट गयी है।पुलिस टीम में एसएसआई नितिन बिष्ट, कांस्टेबल मुकेश राणा, वीरेंद्र चौहान शामिल रहे।


फाइनेंस कर्मी से हुई लूट का खुलासा
पुलिस ने किये तीन आरोपी गिरफ्तार, लूटी गयी रकम और बाइक बरामद


हरिद्वार। कोतवाली लक्सर क्षेत्र में हुई फाइनेंस कर्मी से हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुराने कर्मचारी ने ही नौकरी छूटने पर दोस्तों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल बाइक व 1,85,000 रूपए बरामद किए हैं। 01फरवरी को रवि राठौर पुत्र मुन्ना लाल निवासी लक्सर गांव ने पुलिस को तहरीर देकर 4अज्ञात लोगों द्वारा रोककर मारपीट कर कलेक्शन के पैसों से भरा व मोबाइल फोन लूटकर भाग जाने के सम्बन्ध में मुकद्मा दर्ज कराया था। मुकद्मा दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल के दौरान मिली जानकारी के आधार पर प्रकाश में आए 3 संदिग्धों गुलशेर पुत्र कामिल,फरमान पुत्र वसीम व साहित पुत्र नफीस निवासी खण्डजा कुतुबपुर लक्सर को दबोच लिया।तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 185000रूपए,वारदात में इस्तेमाल मोटर साईकिल,पीड़ित का आधार कार्ड व 1 बैग बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपित गुलशेर ने बताया कि वह लक्सर में परचून की दुकान पर पिछले 6-7साल से काम करता था,ई-रिक्शा से परचून का सामान अन्य दुकानदारों को सप्लाई करता था।लेकिन लाला से अनबन होने पर कुछ दिन पहले उसने काम छोड़ दिया। उसे पता था कि बेचे जाने वाले सामान का कलैक्शन रवि नाम का युवक करता है और हर रविवार को सुल्तानपुर की तरफ से दुकानों से मोटी रकम कलेक्ट कर लाला को लाकर देता है।उसने अपने गांव के सलमान,फरमान और साहिल को इसकी जानकारी दी और लूटकर अच्छा मुनाफा कमाने का प्रस्ताव रखा।वारदात के दिन चारों ने दोपहर के वक्त साथ मिलकर रवि को डन्डो से पीटा और पैसों से भरा बैग छीनकर फरार हो गये।पुलिस टीम मंे एसएसआई लोकपाल परमार,एसआई नरेन्द्र सिंह,एएसआई रंजीत नौटियाल, हेडकांस्टेबल विनोद कुमार, मनोज मिनान,कांस्टेबल अनूप पोखरियाल, संदीप रावत,किशोर नेगी शामिल रहे।


मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर परीक्षा पर करें फोकस-नेहा जोशी

हरिद्वार:   दसवीं बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं।परीक्षा की तैयारी को लेकर कई छात्र असहज और उलझन का शिकार हो जाते हैं।ऐसे में सरस्वती विद्या मंदिर भेल सेक्टर-2 की वाणिज्य प्रवक्ता नेहा जोशी ने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए बताया कि बोर्ड परीक्षा के समय कई विद्यार्थी स्वयं को कमजोर मानने लगते हैं।अधूरा सिलेबस,परीक्षा पैटर्न की उलझन और अंकों का दबाव उन्हें घबराहट में डाल देता है।ऐसे में सफलता के लिए सबसे ज़रूरी है घबराने के बजाय सही रणनीति अपनाना।नेहा जोशी ने बताया कि सीमित समय में पूरे सिलेबस को विस्तार से पढ़ने के बजाय संक्षिप्त और व्यवस्थित शॉर्ट नोट्स तैयार करना अधिक प्रभावी होता है।इससे कम समय में बार-बार पुनरावृत्ति संभव हो पाती है। साथ ही प्रश्न-पत्र के ब्लूप्रिंट और पैटर्न को समझना भी आवश्यक है,ताकि अधिक वेटेज वाले अध्यायों पर प्राथमिकता दी जा सके। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन की स्पष्ट योजना होनी चाहिए।सरल प्रश्नों से शुरुआत करना और कठिन प्रश्नों के लिए समय सुरक्षित रखना आत्मविश्वास बढ़ाता है।विद्यार्थियों को आपसी तुलना और अनावश्यक प्रतिस्पर्धा से बचना चाहिए,क्योंकि बोर्ड परीक्षा किसी दौड़ का मैदान नहीं है।सही दिशा,संतुलन और धैर्य के साथ की गई तैयारी से औसत या संघर्षरत विद्यार्थी भी बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।नेहा जोशी ने कहा कि छात्र-छात्राओं को परीक्षा से पहले और परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। इससे उन्हें अपनी तैयारी और परीक्षा पर फोकस बनाने में आसानी होगी।अभिभावकों को भी बच्चों का ध्यान रखना चाहिए और उन्हें पूरा सहयोग देना चाहिए।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *