राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के विशेष मॉनिटर की समीक्षा बैठक
1 min read
राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (नई दिल्ली) के विशेष मॉनिटर डॉ. प्रदीप्त कुमार नायक ने जिला कार्यालय सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर मानवाधिकारों के संरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कुष्ठ रोगियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए उनके प्रभावी पुनर्वास, स्वास्थ्य सुविधाएं, आवश्यक दवाएं, राशन कार्ड, पेंशन और दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डॉ. नायक ने कहा कि दस्तावेजों के अभाव में किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न किया जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। बैठक के प्रारंभ में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद और जिला समाज कल्याण अधिकारी सुबोध शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
