उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को बढ़ावा: हल्द्वानी में सरस मेला-2026 की तैयारियां तेज, तो व्यापार मेले में सीएम धामी ने किया उत्तराखंड पवेलियन का शुभारंभ
1 min read
सरस मेला-2026 की तैयारियों पर सीडीओ के निर्देश
हल्द्वानी: एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला-2026 का आयोजन होगा। इसकी तैयारियों को लेकर कोऑपरेटिव बैंक सभागार में हुई बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द पाण्डे ने बताया कि मेले में कुल 250 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनका पंजीकरण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगा। कमर्शियल स्टॉल का शुल्क 30 हजार रुपये तय किया गया है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों से समय पर पंजीकरण कराने की अपील की तथा मेले के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न समितियों को सुरक्षा, आवास, भोजन, प्रचार-प्रसार, लेखा और निरीक्षण जैसी जिम्मेदारियां सौंपीं। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तराखण्ड पवेलियन का शुभारंभ
भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तराखण्ड पवेलियन का शुभारंभ

देहरादून/नई दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के तहत उत्तराखण्ड दिवस समारोह में भाग लिया और उत्तराखण्ड पवेलियन का शुभारंभ किया। उन्होंने पवेलियन के स्टॉलों का अवलोकन कर प्रदेश के हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक कला की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना के अनुरूप ऐसे आयोजन स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों और स्वयं सहायता समूहों को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय बाजार प्रदान कर स्वरोजगार और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत सिंह चौधरी, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


