Mukti Mod News

सच की रहा पर सबसे आगे

उत्तराखंड रजत जयंती: PM मोदी ने किसानों को दिए ₹63 करोड़, कई बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

1 min read
Listen to this article

उत्तराखंड की रजत जयंती पर PM नरेंद्र मोदी का देहरादून दौरा, 8,200 करोड़ की 31 योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, सौंग-जमरानी बांध और खेल महाविद्यालय की सौगात,  सुरक्षा के कड़े इंतजाम।

देहरादून:   उत्तराखंड के रजत जयंती समारोह के मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश के 28 हजार किसानों के खातों में पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना की 63 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे हस्तांतरित की।

​इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने ‘उत्तराखंड उदय’ पर आधारित दो डाक टिकट भी जारी किए। उन्होंने ‘गौरवशाली अतीत सशक्त वर्तमान और सुनहरा भविष्य’ शीर्षक से प्रकाशित एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया, जिसमें देवभूमि की आत्मा, अस्मिता और आकांक्षाओं का दस्तावेज़ है। डाक टिकट और कॉफी टेबल बुक दोनों ही उत्तराखंड की 25 वर्षों की समृद्धि और संस्कृति की कहानी पर आधारित हैं।

₹8,260 करोड़ की परियोजनाओं का तोहफा

​प्रधानमंत्री ने लगभग 8,260 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया, जिसमें प्रमुख हैं:

  • सोंग बांध पेयजल परियोजना (देहरादून): यह परियोजना देहरादून को प्रतिदिन 150 एमएलडी पेयजल उपलब्ध कराएगी।
  • जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना (नैनीताल): यह सिंचाई, पेयजल आपूर्ति और बिजली उत्पादन में सहायक होगी।

​इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री ने पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ीं परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इनमें देहरादून जलापूर्ति कवरेज, पिथौरागढ़ में विद्युत सबस्टेशन, सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्र, हल्द्वानी स्टेडियम (नैनीताल) में एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान, चंपावत में महिला खेल महाविद्यालय की स्थापना, नैनीताल में अत्याधुनिक डेयरी संयंत्र और विद्युत सबस्टेशन शामिल हैं।

नैनी सैनी हवाई पट्टी का अधिग्रहण

​कार्यक्रम के दौरान, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन के सचिव सचिन कर्वें और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अध्यक्ष विपिन कुमार ने समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत, सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में स्थित नैनी सैनी हवाई पट्टी का पूर्ण रूप से एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने अधिग्रहण कर लिया है। इससे नैनी सैनी हवाई पट्टी से नियमित उड़ानें शुरू होने और आदि कैलाश, ओम पर्वत लिपुलेख तथा कैलाश मानसरोवर यात्रा के संभावित प्रवेश द्वार विकसित होने से यात्रा सीमाओं का विस्तार होगा।

उत्तराखंड ने भेंट किया ओंकारेश्वर मंदिर का मॉडल

​कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया और उन्हें बाबा केदारनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर (ऊखीमठ) का एक मॉडल भेंट किया। इस दौरान उत्तराखंड की विकास यात्रा से संबंधित एक फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें राज्य निर्माण के संघर्ष और 25 वर्षों की विकास यात्रा का फिल्मांकन किया गया था।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *